Gorakhpur University: 74481 विद्यार्थियों को उपाधि, 73 मेधावियों को दिया जायेगा पदक
- कुलपति बोलीं- अंतिम चरण में डीडीयू के 45वें दीक्षांत समारोह की तैयारी
Gorakhpur University: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का 45वाँ दीक्षांत समारोह छह अगस्त 2026 को आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि के रूप में नीति आयोग के सदस्य प्रो. वीके सारस्वत शिकरत करेंगे। इसी कड़ी में कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में परीक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में स्वर्ण पदक एवं अन्य पदकों से सम्मानित किए जाने वाले मेधावी विद्यार्थियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई। दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के 74,481 विद्यार्थियों को स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधियां प्रदान की जायेंगी। इनमें 51,193 छात्रायें (68.73%) तथा 23,288 छात्र (31.27%) शामिल हैं। वहीं उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले 73 मेधावी विद्यार्थियों को विभिन्न पदकों से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 56 छात्रायें (76.71%) एवं 17 छात्र (23.29%) हैं। विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान किए जाने वाले 71 स्वर्ण पदकों में से 56 स्वर्ण पदक (78.87%) छात्राओं तथा 15 स्वर्ण पदक (21.13%) छात्रों को प्रदान किए जाएंगे।
इसी प्रकार 87 डोनर पदकों में 80 पदक (91.95%) छात्राओं एवं 07 पदक (8.05%) छात्रों को प्राप्त होंगे। समारोह में 410 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि भी प्रदान की जाएगी। इनमें 197 छात्रायें (48%) तथा 213 छात्र (52%) शामिल हैं। संकायवार पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले शोधार्थियों में कला संकाय सर्वाधिक 230 शोधार्थियों (122 छात्रायें एवं 108 छात्र) के साथ प्रथम स्थान पर है। इसके अतिरिक्त विज्ञान संकाय से 108, शिक्षा संकाय से 26, वाणिज्य संकाय से 19, विधि संकाय से 19 तथा कृषि संकाय से 08 शोधार्थियों को पीएच.डी. उपाधि प्रदान की जाएगी।
शैक्षणिक उपलब्धियों और उत्कृष्टता का उत्सव है दीक्षांत समारोह
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा, दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों और उत्कृष्टता का उत्सव है। हमें प्रसन्नता है कि इस वर्ष भी हमारे विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। मुझे विश्वास है कि सभी उपाधि एवं पदक प्राप्तकर्ता राष्ट्र और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि 45वें दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। यह समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव होने के साथ-साथ विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं अनुसंधान के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक बनेगा।



Post Comment