Lucknow: 48 मेधावियों को पदक,  बेटियों ने लहराया परचम

Lucknow: 48 मेधावियों को पदक,  बेटियों ने लहराया परचम
  • भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय के 16वें दीक्षांत समारोह, पर्यटन मंत्री रहे मौजूद

Lucknow: भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय के कला मण्डपम सभागार में आयोजित 16वें दीक्षांत समारोह में बेटियों ने परचम लहराया। कुल में लगभग 60 प्रतिशत मेधावी छात्राओं को पदक हासिल हुआ। एमपीए की छात्रा कुंवारी श्वेता गुप्ता को सर्वाधिक सात पदक प्राप्त हुए। इस अवसर पर तीन शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि भी प्रदान की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने की। दीक्षांत समारोह में श्वेता गुप्ता के बाद रूनझुन सिंह एमपीए (कत्थक) में दो पदक, स्पर्श कुमार कश्यप एमपीए (गायन) में चार पदक, वल्लरी नारायण पाठक को बीपीए (कत्थक) में दो, तनिष्का सक्सेना बीपीए (कत्थक) में दो, गार्गीराज गंगा बीपीए (कत्थक) में एक, जितेन्द्र कुमार शर्मा बीपीए (कत्थक) में एक, प्रिया बीपीए (भरतनाट्यम) में एक, आलोक कुमार मिश्र बीपीए (तबला) में चार, प्रशांत पाण्डेय व नितीश श्रीवास्तव को गायन में एक-एक, प्रिया दूबे बीपीए (गायन) में चार, सुनंदा सिंह व वैशाली आनंद बीपीए (गायन) में एक-एक तथा आकांक्षा राय एमपीए (तबला) में दो पदक प्रदान किया गया।

कुल 48 पदक प्रदान किये गए

इसी प्रकार खुशी तिवारी, अमन कुमार यादव, आर्यन रावत, शिया राय एमपीए (कत्थक) में एक-एक पदक, दीप्ति सिंह एमपीए (भरतनाट्यम) में तीन, नेहा काजी गिटार में पांच, सर्वेश मणि त्रिपाठी एमपीए (गिटार) में एक तथा करतुम्म तरैया एमडीए में एक पद प्राप्त हुआ। इस तरह कुल 48 पदक प्रदान किये गए। इसमें 30 स्वर्ण, 09 रजत तथा 09 कास्य पदक शामिल थे। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह विश्वविद्यालय सम्पूर्ण भारत का एकमात्र सांस्कृतिक एवं कलात्मक धरोहर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस विश्वविद्यालय से जो ज्ञान, कौशल और संस्कार प्राप्त किये हैं, वह आपको चुनौतियों से निपटने में दक्ष बनायेगें। समाज और राष्ट्र की सेवा में आपकी शिक्षा आपको वैभवशाली बनायेगी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए कठिंगरा, बेलवा, शक्कर खेड़ा, मलिहाबाद, काकोरी और सरोसा-भरोसा गांवों के स्कूलों में भी कक्षा-3 से कक्षा-12 तक के विजयी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कुलपति मांडवी सिंह ने विश्वविद्यालय के पठन-पाठन की गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

Post Comment

You May Have Missed