फर्जी पार्टनरशिप फर्म बनाकर सर्राफा कारोबारी से 30 लाख की रंगदारी

फर्जी पार्टनरशिप फर्म बनाकर सर्राफा कारोबारी से 30 लाख की रंगदारी
  • अकाउंटेंट पर धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी का आरोप
  • फर्म में 30% हिस्सेदार बताकर मांगी 12.5 किलो चांदी

लखनऊ: राजधानी के चौक सर्राफा बाजार में चांदी के कारोबारी के साथ कथित तौर पर भरोसे की आड़ में बड़ी साजिश का मामला सामने आया है। कारोबारी का आरोप है कि उसके पूर्व अकाउंटेंट ने पहले लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान पहुंचाया और फिर फर्जी साझेदारी फर्म तैयार कर खुद को 30 प्रतिशत का भागीदार बताते हुए करीब 30 लाख रुपये की चांदी की मांग शुरू कर दी। रकम देने से इनकार करने पर आरोपी अपने भाइयों के साथ मिलकर जान से मारने की धमकी देने लगा। मामले की शिकायत चौक कोतवाली में दी गई है।

दरअसल, सआदतगंज कोतवाली क्षेत्र के रानी कटरा चौपटिया निवासी सिद्धार्थ कश्यप उर्फ सिद्धू चौक सर्राफा मार्केट में चांदी का कारोबार करते हैं। उनकी शिकायत के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले एक परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात ठाकुरगंज के निवाजगंज कंघी टोला निवासी युवक से हुई। युवक ने स्वयं को एक सीए का अकाउंटेंट बताकर विश्वास हासिल किया, जिसके बाद उसे 50 हजार रुपये मासिक वेतन पर कारोबार से जोड़ लिया गया।

एडवांस के नाम पर लिए 1.80 लाख

कारोबारी का आरोप है कि अकाउंटेंट धीरे-धीरे व्यापार से जुड़े सभी वित्तीय लेन-देन और खातों की जिम्मेदारी संभालने लगा। वर्ष 2025 में उसने कर्ज चुकाने का हवाला देकर 1.80 लाख रुपये एडवांस मांगे, जिसे कारोबारी ने भरोसा करते हुए दे दिया।

नशे में पकड़ा गया तो नौकरी से हटाया

शिकायत के मुताबिक, मार्च 2026 में कारोबारी ने आरोपी को प्रतिष्ठान के भीतर मादक पदार्थ का सेवन करते हुए पकड़ लिया। कारोबार की साख प्रभावित न हो, इसलिए उसका पूरा हिसाब कर उसे काम पर आने से रोक दिया गया। आरोप है कि यहीं से विवाद की शुरुआत हुई।

फर्जी फर्म बनाकर 12.5 किलो चांदी की मांग

पीड़ित का आरोप है कि नौकरी छूटने के बाद आरोपी ने फर्जी साझेदारी फर्म तैयार कर खुद को कारोबार में 30 प्रतिशत का भागीदार दिखा दिया। इसके आधार पर उसने साढ़े 12 किलो चांदी की मांग की, जिसकी कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई गई। कारोबारी ने जब इस मांग को खारिज किया तो विवाद और बढ़ गया।

भाइयों के साथ मिलकर दी जान से मारने की धमकी

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी अपने दो भाइयों के साथ मिलकर लगातार धमकियां दे रहा है। कारोबारी का कहना है कि उससे रंगदारी वसूलने का दबाव बनाया जा रहा है और इनकार करने पर हत्या की धमकी दी जा रही है। इससे परिवार में भय का माहौल है।

पुलिस जांच में जुटी, साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई

सोमवार को पीड़ित ने चौक कोतवाली में लिखित तहरीर देकर आरोपी अकाउंटेंट और उसके भाइयों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। चौक इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। चौकी प्रभारी चौक नवकृष्ण द्विवेदी को जांच सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post Comment

You May Have Missed