Samajwadi Party: यूपी के हर बूथ पर 50 नए सदस्य जोड़ेगी पार्टी, बन गया जीत का प्लान!
Samajwadi Party: समाजवादी पार्टी यूपी की सत्ता पर काबिज होने के लिए रणनीति बनाने में जुटी हैं। एक तरफ जहां सपा अपने पीडीए फॉर्मूले को ज़मीन पर मजबूत करने में जुटी है तो वहीं दूसरी तरफ सपा मुखिया अखिलेश यादव ने अब एक नया ‘मिशन-50’ प्लान बनाया है, जिसके तहत बूथ स्तर पर अपनी ताकत को और बढ़ाने की तैयारी है ताकि आगामी चुनाव में जीत को सुनिश्चित किया जा सके। समाजवादी पार्टी के ‘मिशन-50’ प्लान में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को हर मतदान बूथ पर 50 नए सदस्य को जोड़ने की योजना है। सपा का मानना है कि अगर हर एक बूथ पर अपने समर्थकों को संगठन से जोड़ा जाएगा तो 2027 के चुनाव की लड़ाई को आसान हो जाएगी। इस प्लान के तहत सपा का फ़ोकस उन सीटों पर खासतौर से है जहां पिछले चुनाव में जीत हार का अंतर कम रहा था।
सपा ने बनाया मिशन-50 प्लान
यूपी में करीब 1.77 लाख मतदाता बूथ केंद्र है। अगर इन सभी बूथों पर सपा 50-50 नए सदस्य बनाने में कामयाब हो जाती हैं तो इससे पार्टी का नेटवर्क काफी मज़बूत हो जाएगा और चुनाव प्रबंधन की राह आसान हो जाएगी। यही नहीं हाल ही में सपा डिजिटल एप के जरिए भी नए लोगों को पार्टी से जोड़ने की कोशिश कर रही हैं। सपा ने बूथ प्रभारी और बूथ प्रहरी एप शुरू किया है, जिससे नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ा जा रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा को यूपी में बड़ी कामयाबी मिली थी। सपा इस सफलता को 2027 के चुनाव में भी दोहराना चाहती हैं। सपा को लगता है कि अगर संगठन की ताकत को ज़मीन पर मज़बूत किया जाए तो उन सीटों पर जीत हासिल की जा सकती हैं जहां मामूली वोटों के अंतर से पार्टी हार गई थी।



Post Comment