MJP रुहेलखंड विवि में मैनेजमेंट कोर्सों की काउंसलिंग 30 जून से, MBA आवेदन भी जारी
बरेली: महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 के लिए प्रबंधन संकाय के बीएमएस (BMS) और बीएचएम-सीटी (BHM-CT) पाठ्यक्रमों की प्रथम चरण की काउंसलिंग का कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। यह काउंसलिंग 30 जून और 01 जुलाई को आयोजित होगी। प्रवेश समिति के अनुसार, इन पाठ्यक्रमों में दाखिला सीयूईटी (CUET) स्कोर या 10+2 की मेरिट के आधार पर मिलेगा।
जिन अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, उन्हें निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ काउंसलिंग में उपस्थित होना होगा। इसके अलावा, विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि एमबीए, एमबीए (मार्केटिंग) और एमबीए (एग्जीक्यूटिव) पाठ्यक्रमों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया अभी भी जारी है। इच्छुक अभ्यर्थी इन पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
विवि की आधिकारिक वेबसाइट देखें अभ्यर्थी
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए नियमित रूप से अपना ई-मेल और विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें। यदि प्रथम चरण की काउंसलिंग के बाद सीटें खाली रहती हैं, तो दूसरे चरण (राउंड-2) की काउंसलिंग भी आयोजित की जाएगी।
प्रबंधन संकाय ने बताया कि परिस्थितियों के अनुसार काउंसलिंग की समय-सारणी में बदलाव करने का अधिकार विश्वविद्यालय के पास सुरक्षित रहेगा। इसलिए अभ्यर्थियों को किसी भी अपडेट के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



Post Comment