Donald Trump: हैदराबाद में अमेरिकी राष्ट्रपति के नाम पर सड़क, ट्रंप ने कहा- धन्यवाद
Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हैदराबाद में उनके नाम पर सड़क का नाम रखे जाने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान के लिए वह आभारी हैं और दावा किया कि वह ऐसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं, जिनके नाम पर भारत में इस तरह सड़क का नाम रखा गया है। ट्रंप ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, ‘भारत के हैदराबाद में नया ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ इस तरह सम्मानित होने वाला मैं पहला अमेरिकी राष्ट्रपति हूं। धन्यवाद’। उन्होंने अपने पोस्ट के साथ एक तस्वीर भी साझा की। इस तस्वीर में तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लू भट्टी विक्रमार्क और भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर सड़क के नामकरण से जुड़ी स्मारक पट्टिका का अनावरण करते दिखाई दे रहे हैं।
अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास है सड़क
यह सड़क हैदराबाद में स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास है। इसके आसपास कई बड़ी अमेरिकी टेक कंपनियों के दफ्तर भी मौजूद हैं, जिनमें माइक्रोसॉफ्ट, गूगल और अमेजन शामिल हैं। वहीं, तेलंगाना सरकार ने कहा कि ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ नामकरण अमेरिका के प्रति सम्मान का प्रतीक है। साथ ही यह हैदराबाद की भारत-अमेरिका संबंधों में बढ़ती अहमियत और दोनों देशों के बीच मजबूत होते सहयोग को भी दर्शाता है। सरकार के अनुसार, यह कदम हैदराबाद को वैश्विक निवेश, प्रौद्योगिकी और भारत-अमेरिका साझेदारी के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में पहचान दिलाने की दिशा में भी एक प्रतीकात्मक पहल है।



Post Comment