UP: आबकारी मंत्री ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर जताई गहरी चिंता

  • युवा नशे से रहें दूर, ये समाज के लिए है अभिशाप: नितिन अग्रवाल

UP: ‘मादक पदार्थों का दुरुपयोग एवं अवैध व्यापार विरोधी अन्तर्राष्ट्रीय दिवस’ पर ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जन जागरुकता के लिए  मद्य निषेध प्रदर्शनी, संगोष्ठी सहित विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आबकारी एवं मद्य निषेध राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि के रुप में प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव उपस्थित रहे। आबकारी मंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नशा से दूर रहने तथा आमजनमानस को इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आबकारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त 2020 को नशा मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य लोगों को खासतौर से युवाओं को नशे से दूर रखना था। प्रधानमंत्री का संकल्प है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इसमें युवाओं की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। हमारा देश दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी वाला राष्ट्र है। हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है कि युवाओं को नशे की आदत से बचाए और उनकी असीम ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र के विकास में लगाए।

नशा मुक्त भारत अभियान को गति प्रदान करने की आवश्यकता

नितिन अग्रवाल ने कहा, इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसिया लगातार प्रयास कर रही है। युवाओं में नशा के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए स्वयं सेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों व सिविल सोसाइटी को मद्य निषेध विभाग द्वारा संचालित नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय सहयोग कर लोगों को जागरूक करने का कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने भी प्रदेशवासियों को नशा से दूर रहने की अपील की है। नशे की लत पूरी दुनिया के लिए आज एक चैलेंज बन चुका है, नशे की आदत समाज के लिए अभिशाप बन गया है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिन्ता व्यक्त की और आम जनमानस के साथ युवाओं को इससे दूर रहने की अपील की। वहीं प्रमुख सचिव अनुराग यादव ने नशीले पदार्थों की बढ़ती प्रवृति पर चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि आज नशा मुक्त भारत अभियान, विकसित भारत की पहचान की मुहिम को गति प्रदान करने की आवश्यकता है। केवल शासकीय प्रयासों से ही यह सम्भव नहीं होगा। इस कार्य में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका अत्यधिक महत्वपूर्ण है।

Post Comment

You May Have Missed