Lucknow News: दिल्ली की घटना के बाद एक्शन में LDA, लखनऊ में बेसमेंट में चल रहे 20 कोचिंग सेंटर सील
Lucknow News: देश की राजधानी नई दिल्ली के कोचिंग सेंटर में हुई घटना से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी जागरुकता का नजारा दिखाई दिया है। मंगलवार (30 जुलाई) को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने विभिन्न इलाकों में अवैध बेसमेंट में चल रहे कोचिंग सेंटरों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया। 107 प्रतिष्ठानों की जांच कर इनमें से अवैध बेसमेंट में चल रहे 20 कोचिंग सेंटर्स और लाइब्रेरी को सील किया गया। एलडीए बुधवार और गुरुवार को भी जांच करेगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि जोनल अधिकारियों के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने शहरभर (Lucknow News) में अभियान चलाया। इस दौरान बेसमेंट में चल रहे प्रतिष्ठानों के मालिकों या संचालकों से मानचित्र व निर्माण आदेश से संबंधित दस्तावेज पेश करने के लिए कहा गया। फिर इसके आधार पर कार्रवाई की गई। मानक के विपरीत बेसमेंट के निर्माण व इनमें कोचिंग संचालन की जांच का जिम्मा जोन-1 में सचिव विवेक श्रीवास्तव को, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा को जोन-2 व 3 में, संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह को जोन-4 व जोन-5 व मुख्य नगर नियोजक केके गौतम को जोन-6 व जोन-7 में सौंपा गया है।
अलीगंज में सात लाइब्रेरी पर एक्शन | Lucknow News
प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने अलीगंज में सात लाइब्रेरी को सील किया। इनमें स्कालर हब लाइब्रेरी, साइलेंस जोन लाइब्रेरी, प्रयास लाइब्रेरी, लक्ष्य लाइब्रेरी, स्टार लाइब्रेरी, द स्टडी प्वाइंट लाइब्रेरी एवं विजन आईएएस लाइब्रेरी शामिल थी। ये सभी प्रतिष्ठान मानक के विपरीत बने बेसमेंट में चल रहे थे। प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने गोमतीनगर के विराज खंड स्थित एलेन कोचिंग सेंटर व विभव खण्ड में एजुकेयर इंस्टीट्यूट को सील किया।
इन कोचिंग सेंटर्स व लाइब्रेरी पर भी एक्शन
- कपूरथला चौराहे के भाटिया कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में महिंद्रा कोचिंग की लाइब्रेरी।
- एकेटीयू चौराहे के पास कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में खुले फ्रॉम आई टू ब्रेन कोचिंग सेंटर।
- ठाकुरगंज की बसंत विहार कॉलोनी में कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में संचालित एकलव्य लाइब्रेरी।
- कानपुर रोड पर आदित्य क्लासेस, फन्डामेकर्स, आशीष क्लासेस, नीट स्कोर हाई, तुषार लाइब्रेरी व माई विजन कोचिंग सेंटर।
- हजरतगंज के सप्रू मार्ग पर यूएनएसएटी संस्थान व राणा प्रताप मार्ग पर विद्या पीठ कोचिंग सेंटर।
एलडीए ने आनन-फानन लिया फैसला | Lucknow News
एलडीए की कोचिंग सेंटर्स (Lucknow News) पर कार्रवाई का खामियाजा यहां पढ़ने वाले विद्यार्थी भुगतने वाले हैं। इनका कहना है कि प्राधिकरण ने आनन-फानन हमारी समस्या देखे बिना यह फैसला ले लिया। अलीगंज की कोचिंग से इंजीनियरिंग की तैयारी करने वाले मऊ के वैभव जायसवाल के मुताबिक, ये संस्थान काफी समय से चल रहे हैं। एलडीए ने अभी तक इनके मानक नहीं परखे। अब अचानक इन्हें सील कर दिया गया है। यह भी नहीं सोचा कि अब हम कहां जाकर तैयारी करेंगे और हमारी फीस का क्या होगा? गोरखपुर निवासी श्रेया रघुवंशी के मुताबिक, सेलेक्शन के आधार पर लखनऊ की कोचिंग का चयन किया था। हम पढ़ाई संबंधी गुणवत्ता को देखते हैं। भवन संबंधी मानक देखना जिनकी जिम्मेदारी है, वे इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।



Post Comment