Ghaziabad: ड्यूटी से लौट रहे बाइक सवार दो दोस्तों को बस ने कुचला, मौके पर मौत
Ghaziabad Accident: गाजियाबाद के मुरादनगर में भीषण सड़क हादसा हो गया. दिल्ली-मेरठ हाईवे पर बुधवार शाम को एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंद दिया. हादसे में दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, बस चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. और बस चालक की तलाश में जुट गई है.
ड्यूटी से लौटते समय हुआ एक्सीडेंट
जानकारी के मुताबिक, डिडौली निवासी विपिन त्यागी (45) और भूपेंद्रपुरी कॉलोनी मोदीनगर निवासी जयपाल सिंह (62) बसंतपुर सैतली स्थित एक टायर फैक्ट्री में काम करते थे. दोनों रोजाना की तरह बुधवार को भी बाइक से काम कर घर लौट रहे थे. शाम करीब 6:30 बजे जैसे ही दोनों दोस्त बाइक से बसंतपुर सैतली गेट के आगे यू-टर्न के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे के बाद लंबा जाम
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया. वहीं, दिल्ली मेरठ हाईवे पर लंबा जाम लग गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. हाईवे पर जाम खुलवाया.
तेज रफ्तार बनी मौत की वजह
पूछताछ में राहगीरों ने बताया कि बस चालक तेज रफ्तार में आ रहा था. ओवरटेक करते समय बाइक सवार को टक्कर मार दी. हादसे के बाद बस में सवार यात्री भी भाग निकले. पुलिस ने फिलहाल बस को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश में जुटी है. वहीं, दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है.



Post Comment