बरेली सेंट्रल जेल से भागा उम्रकैद का कैदी, चार टीमें ढूंढ रहीं; सात जेलकर्मी किए गए सस्पेंड
बरेली: बरेली सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा एक बंदी फरार हो गया। घटना सामने आते ही डीजी जेल पीसी मीणा ने सात अफसरों और कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक अविनाश गौतम के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट शासन को भेजी है। डीजी जेल ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे जेल के बाहर कृषि फार्म कमान नंबर-1 से एक बंदी के गायब होने की सूचना मिली। इसके तुरंत बाद जेल परिसर में अलार्म बजाया गया। अफसरों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि कृषि कार्य के लिए भेजा गया बंदी दिनेश कुमार भाग गया है। वह अमरोहा के नन्हेड़ा गांव का रहने वाला है। इसके बाद जेल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
पॉक्सो मामले में काट रहा था उम्रकैद
बंदी दिनेश को अमरोहा की विशेष पॉक्सो कोर्ट ने 9 जनवरी, 2026 को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद और जुर्माने की सजा सुनाई थी। उसे 19 अप्रैल, 2026 को बिजनौर के जिला कारागार से स्थानांतरित कर बरेली केंद्रीय कारागार भेजा गया था।
जेल रिकॉर्ड के अनुसार, सोमवार सुबह 7:22 बजे दिनेश कुमार को 45 अन्य बंदियों के साथ कृषि कार्य के लिए बाहरी फार्म पर भेजा गया था। उसकी निगरानी के लिए कई जेलकर्मी और पुलिसकर्मी तैनात थे। कमान प्रभारी, हेड जेल वार्डर, जेल वार्डर और पुलिस विभाग के जवान सुरक्षा ड्यूटी पर मौजूद थे। इसके बावजूद दिनेश भाग गया।
सात अधिकारी-कर्मचारी सस्पेंड
प्रारंभिक जांच में सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर डीजी जेल पीसी मीणा ने जेलर, डिप्टी जेलर, हेड जेल वार्डरों और जेल वार्डरों सहित सात कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया। सभी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान अगर अन्य कर्मचारियों की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
कैदी के भागने की खबर मिलते ही जेल प्रशासन ने चार अलग-अलग सर्च टीमें बनाईं। इन टीमों को रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य संभावित स्थानों पर भेजा गया। फरार बंदी की सूचना स्थानीय पुलिस के साथ अमरोहा पुलिस को भी दी गई है। जेल प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हैं।
इज्जतनगर थाने में केस दर्ज
वहीं, जेल प्रशासन की ओर से फरार बंदी के खिलाफ इज्जतनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं बंदी को फरार होने में किसी अंदरूनी या बाहरी व्यक्ति की मदद तो नहीं मिली।



Post Comment