आठ जून से तेलंगाना में अटका मानसून, एक साथ पांच सिस्टम रोक रहे; सात राज्य बारिश को तरसे

आठ जून से तेलंगाना में अटका मानसून, एक साथ पांच सिस्टम रोक रहे; सात राज्य बारिश को तरसे

नई दिल्‍ली: देश में मानसून 15 दिन में 19 राज्यों तक पहुंच चुका है, लेकिन आठ जून से तेलंगाना में अटका हुआ है। 11 दिन हो गए हैं, ये आगे नहीं बढ़ रहा है। इससे उत्तर-मध्य भारत के सात राज्य बारिश के लिए तरस रहे हैं। इन राज्यों में 60% तक कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसकी वजह एक ही समय पर 5 अलग-अलग सिस्टम एक्टिव होना है। जैसे अरब सागर से तेज नमी वाली हवाएं नहीं आ रहीं और दक्षिण से बादल उत्तर की ओर नहीं बढ़ रहे हैं।

1 से 18 जून के बीच देश में सामान्य से 38% कम बारिश दर्ज की गई है। अब तक के आंकड़ों के अनुसार सबसे खराब स्थिति गुजरात की रही, जहां सामान्य से 79% कम बारिश हुई। इसके बाद महाराष्ट्र में 78% कम वर्षा की गई। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा और दिल्ली में प्री-मानसून बारिश हो रही है। इसके बावजूद यूपी-राजस्थान समेत 7 राज्यों में तापमान 40°C के पार है।

मानसून की रफ्तार रोक रहे ये 5 सिस्टम

अरब सागर में नमी वाली हवाएं: जब ये आती हैं, तो बारिश अच्छी होती है। मानसून आगे बढ़ता है, लेकिन ये कमजोर पड़ गई हैं।

दक्षिण-पश्चिमी हवाएं: अरब सागर के ऊपर कमजोर पड़ गई हैं। इससे महाराष्ट्र और आसपास के इलाकों तक पर्याप्त नमी नहीं पहुंच रही।

क्रॉस-इक्वेटोरियल फ्लो कमजोर: भूमध्य रेखा पार करने वाली हवाओं में नमी खत्म हो रही। इससे मानसून कमजोर पड़ रहा है।

लो-प्रेशर सिस्टम नहीं: अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में मजबूत सिस्टम नहीं बन रहे।

MJO कमजोर: मैडेन-जूलियन ऑसिलेशन सिस्टम कमजोर पड़ गया है। यह दक्षिण भारत से बादलों को उत्तर भारत की ओर लाता है।

18 जून को इन राज्‍यों में पहुंचा मानसून

केरलम, कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मणिपुर, त्रिपुरा, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, असम, मेघालय, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में मानसून पहुंचा।

19 जून से 5 जुलाई तक यहां होगी एंट्री

छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान।

सात राज्यों में गर्मी का असर

मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, महाराष्ट्र और ओडिशा के कई शहरों में बुधवार को पारा 40°C से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा उत्तर प्रदेश के बांदा में 43.2°C दर्ज किया गया। वहीं, महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में 42.3°C, ओडिशा के बौध में 42.8°C, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 41.6°C, झारखंड के डाल्टनगंज में 42°C, बिहार के छपरा में 41.6°C और एमपी के खजुराहो 41.4°C रहा।

Post Comment

You May Have Missed