लखनऊ में 12 उपभोक्ता मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते पकड़े गए, हुई FIR
लखनऊ: राजधानी में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने बिजली चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने के लिए अभियान चलाया। शहर के विभिन्न जोनों में सघन चेकिंग अभियान चला कर कार्रवाई की। इस दौरान कार्रवाई में कुल 11 उपभोक्ता मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते पकड़े गए, जिनके खिलाफ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई। वहीं, एक उपभोक्ता घरेलू कनेक्शन से युवा स्पोर्ट्स सेंटर चलाते पकड़ा गया।
अमौसी जोन में अधिशासी अभियंता, रेड असेसमेंट एंड कलेक्शन, अमौसी क्षेत्र के निर्देशन में चलाए गए अभियान में 57 संयोजनों की जांच हुई। जांच में 5 उपभोक्ता मीटर बाईपास कर चोरी करते पाए गए। पकड़े गए उपभोक्ताओं में ललित वर्मा, रामचंद्र, रामकिशुन श्रीवास्तव, श्रवण और राजू लोधी शामिल हैं। इनका विद्युत भार 2.239 किलोवाट से 8.612 किलोवाट तक पाया गया।
मामा चौराहा के पास पकड़ा गया स्पोर्ट्स सेंटर
मध्य क्षेत्र के राजाजीपुरम में चलाए गए अभियान में दो उपभोक्ता बिजली चोरी करते पकड़े गए। मयंक सक्सेना और प्रभा वर्मा के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। जानकीपुरम जोन 33/11 केवी उपकेंद्र दाऊद नगर के अंतर्गत मामा चौराहा 60 फीट रोड पर चलाए गए अभियान में 34 परिसरों की जांच की गई। यहां जगत नारायण, घरेलू कनेक्शन से अतिरिक्त केबल जोड़कर 7.5 किलोवाट का युवा स्पोर्ट्स सेंटर अवैध रूप से चलाते पाए गए।
इसके अलावा, गोमती नगर जोन में उपकेंद्र छोटा भरवारा, लौलाई और विराज खंड-2 में 26 परिसरों की चेकिंग में 3 उपभोक्ता अवैध रूप से बिजली का उपभोग करते मिले। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की ओर से सभी उपभोक्ताओं को नियमों की जानकारी लगातार दी जा रही है। उल्लंघन करने वाले किसी भी उपभोक्ता को छोड़ा नहीं जाएगा।



Post Comment