MP: मुरैना में ट्रेन से कटकर चार यात्रियों की मौत, आग की अफवाह ने ली जान

MP: मुरैना में ट्रेन से कटकर चार यात्रियों की मौत, आग की अफवाह ने ली जान

मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार (14 जून) को ट्रेन से कटने से चार लोगों की मौत हो गई। आग लगने की अफवाह के बाद उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से नीचे उतरे चार यात्री दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गए। मृतकों में तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल है।

जानकारी के मुताबिक, ग्वालियर की ओर से मुरैना जा रही उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में किसी वजह से आग लगने की अफवाह फैल गई। इसी दौरान पास के ट्रैक पर धौलपुर की ओर से पातालकोट एक्सप्रेस गुजर रही थी। ट्रेन से उतरे यात्रियों को दूसरी लाइन पर तेज रफ्तार से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस का अंदाजा नहीं लग सका। तीन महिलाएं और एक बच्चा ट्रेन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

कब हुआ हादसा?

यह हादसा सरायछौला थाना क्षेत्र के हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड पर रविवार शाम करीब 4:15 बजे हुआ। रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में किसी यात्री द्वारा अलार्म चेन पुलिंग (ACP) किए जाने के कारण ट्रेन बीच सेक्शन में रुक गई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन के एक कोच में किसी यात्री के मोबाइल फोन में गर्मी या धुआं निकलने की बात फैली, जिसके बाद आग लगने की अफवाह फैल गई। अफरा-तफरी के माहौल में कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर पास की रेलवे लाइन पर पहुंच गए। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी और उसकी चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई।

चार लोगों की मौत हो गई

मृतकों की पहचान आफरीन (35) पत्नी नदीम खान निवासी आगरा, उनके चार वर्षीय बेटे असद खान, शकुंतला (60) पत्नी भूरी सिंह परमार निवासी रुनकता (आगरा) और विरमा देवी (60) पत्नी गिरधारी गिरी निवासी बीकानेर (राजस्थान) के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। रेलवे ने बताया कि प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

Post Comment

You May Have Missed