यूपी के 21 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट, 20 जून तक आ सकता है मानसून
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून सक्रिय है। मौसम विभाग ने रविवार (14 जून) को 21 शहरों में आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 60-70 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 5 जिलों में बारिश का अलर्ट है। हालांकि, रविवार सुबह ज्यादातर जिलों में हल्की धूप है। कहीं-कहीं बादल छाए हैं। उमस की वजह से गर्मी बढ़ गई है।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि हरियाणा के आसपास पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है। इसके चलते प्री-मानसून की बारिश हो रही है। 17-20 जून तक मानसून यूपी में सोनभद्र और ललितपुर के रास्ते एंट्री कर सकता है। अभी मानसून बिहार तक पहुंच चुका है।
20 जून तक मानसून की एंट्री
प्रदेश में आमतौर पर मानसून की एंट्री 20 जून तक होती है। मौसम वैज्ञानिक यह भी कहते हैं कि पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से मानसून की एंट्री की तारीख पर बदलाव की मजबूत संभावनाएं हैं। शनिवार की बात करें तो प्रदेश के 25 जिलों में आधी- बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश श्रावस्ती और सिद्धार्थनगर में 6.8 मिमी रिकॉर्ड की गई। प्रयागराज-लखनऊ में तूफान आया। कानपुर में घरों में पानी घुस गया।
पिछले 24 घंटे में आंधी-बारिश से जुड़े हादसों में 5 लोगों की मौत हुई है। उन्नाव और गाजीपुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक-एक किसान की जान गई। वहीं कासगंज में आंधी के दौरान मकान का लिंटर गिरने से पति-पत्नी और बेटी की मौत हो गई।
आज इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, गोंडा, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबडेकरनगर, बस्ती, आजमगढ़, संतकबीरनगर, गोरखपुर, मऊ, देवरिया और बलिया।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम
- 15 जून: पश्चिमी यूपी में तेज हवाएं चलेंगी और जोरदार बारिश होगी। पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहेगा।
- 16 जून: पूरे प्रदेश में बादलों की आवाजाही रहेगी। हवा में नमी की वजह से गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
- 17 जून: यूपी में मौसम साफ रहेगा। तेज हवाएं चलेंगी। बादलों की आवाजाही के कारण कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।
- 18 जून: पूरे प्रदेश में बादलों की आवाजाही रहेगी। कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
- 19 जून: पूरे प्रदेश में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं तूफान भी आ सकता है।
यूपी में जून से सितंबर के बीच 8% बारिश कम होगी
सीनियर साइंटिस्ट अतुल सिंह बताते हैं कि इस साल यूपी समेत पूरे देश में सामान्य से कम बारिश का अनुमान है। आमतौर पर यूपी में जून से सितंबर के बीच करीब 820 से 840 मिलीमीटर बारिश होती है। लेकिन, इस साल 8% कम यानी लगभग 754 से 773 मिलीमीटर तक ही पानी बरसेगा।
यूपी में मानसून में कम बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. एम महापात्रा ने बताया कि इस साल प्रशांत महासागर में ला नीना जैसी स्थितियां खत्म होकर अल नीनो की ओर बढ़ने के संकेत हैं। जो कम वर्षा का कारण बनेगी। यानी इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य से कमजोर रहने के संकेत हैं। साथ ही इस साल जनवरी-मार्च में उत्तरी गोलार्ध में बनी कम बर्फ भी मानसून को प्रभावित कर सकती है।



Post Comment