बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा: कैंडिडेट्स ने स्टेशन पर की तोड़फोड़-पथराव, पुलिस ने किए हवाई फायर
पटना: बिहार में रविवार (14 जून) से सिपाही भर्ती परीक्षा हो रही है। एग्जाम शुरू होने से पहले पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर कैंडिडेट्स ने ट्रेनों की पर्याप्त व्यवस्था न होने से नाराज होकर रेलवे ट्रैक पर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्रों ने कई ट्रेनों को रोक दिया। पथराव किया और एग्जाम स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ भी की।
मौके पर पहुंचे पटना के DM डॉ. त्यागराजन ने बताया कि आधी रात के करीब हमें खबर मिली कि कुछ लोग हंगामा कर रहे हैं। हमने उनसे गुजारिश की कि वे हंगामा न करें और उन परीक्षार्थियों का सहयोग करें जो परीक्षा देना चाहते हैं। कुछ असामाजिक तत्वों ने बार-बार इमरजेंसी चेन खींची और तरह-तरह की मांगें रखीं, जैसे कि स्पेशल ट्रेनों की मांग, जबकि पहले से ही दो स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं।



अब स्थिति पूरी तरह सामान्य: डीएम
डॉ. त्यागराजन ने यह भी बताया कि प्रदर्शनकारियों ने उन छात्रों को भी रोका, जो जाना चाहते थे। इन वजहों से हमें हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है और ट्रेनें रवाना हो चुकी हैं। परीक्षा देने वालों के लिए तय ट्रेनें पहले ही निकल चुकी हैं। बाकी ट्रेनें भी सामान्य रूप से चल रही हैं।
चश्मदीद बोला- दुकान में तोड़फोड़ की, मैं जान बचाकर भागा
घटना के वक्त मौके पर मौजूद संजय कुमार शर्मा ने बताया कि शुरू में लोगों ने ट्रेनें रोक दी थीं। प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए प्रशासनिक अमला पहुंचा, लेकिन भीड़ टस से मस नहीं हुई। इसी बीच, भारी हंगामा हुआ और हिंसा भड़क उठी। आप मेरी दुकान के ठीक सामने इसका नतीजा देख सकते हैं। पूरी दुकान में तोड़फोड़ की गई। अंदर बड़े-बड़े पत्थर फेंके गए। मैं बमुश्किल अपनी जान बचाकर भागा, नहीं तो मेरे साथ क्या होता।
500 सेंटर्स पर सिपाही भर्ती एग्जाम
परीक्षा के लिए 500 सेंटर्स बनाए गए हैं। 4,128 पदों के लिए 16 लाख से ज्यादा कैंडिडेट्स एग्जाम में शामिल हो रहे हैं। ये परीक्षा 17 जून तक चलेगी। भर्ती प्रक्रिया के तहत कक्षपाल के 2,417 पद, मद्य निषेध सिपाही के 1,603 पद और चलंत दस्ता सिपाही के 108 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
एग्जाम के लिए हर शिफ्ट में अलग-अलग प्रश्नपत्र और OMR शीट तैयार की गई है। प्रश्नपत्रों को निर्धारित समय पर प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों और पुलिस अफसरों की उपस्थिति में खोला जाएगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। बिना फोटो पहचान पत्र के किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले केंद्र पहुंचने की अपील की है।
रेल IG बोले- प्रदर्शनकारियों को कंट्रोल करने लिए लाठीचार्ज किया गया
रेल IG अमरेश कुमार ने बताया कि स्टेशन पर मधुबनी एक्सप्रेस और सीमांचल एक्सप्रेस आकर लगी थी। इसमें कई छात्रों को दरभंगा और मधुबनी साइड जाना था। इसमें तमाम छात्र सवार भी हो गए थे। उसके बाद 200 से 300 की संख्या में छात्र स्टेशन पर आए और उनका मकसद था कि वह ट्रेन में ना जाकर स्टेशन पर हंगामा करें। छात्र ट्रैक पर आकर बैठ गए और वो स्पेशल ट्रेन की डिमांड करने लगे। इसके बाद हमलोगों ने छात्रों की बात सीनियर अधिकारियों को बताई। जिसके बाद यह जानकारी दी गई कि 1 घंटे के बाद एक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। रात 2.10 मिनट पर स्पेशल ट्रेन आ कर लग गई थी। DGP से हमारी बात हुई थी।
उन्होंने कहा था कि छात्रों को समझाइए कि अगर उनका एग्जाम इस ट्रेन से जाने से छूट जाता है तो हम लोग एग्जाम री शेड्यूल करेंगे।हमलोगों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से कहा कि 4:30 घंटे में इस ट्रेन को एरिया तक पहुंचा देंगे, आप लोग 2.30 बजे भी निकलेंगे तो भी आराम से सेंटर पर पहुंच जाएंगे, लेकिन छात्र कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। उसके बाद फोर्स और लाठी चार्ज का इस्तेमाल कर इन सभी को हटाया गया। टियर गैस का इस्तेमाल किया गया जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई।



Post Comment