UP News: अमृत सरोवरों पर सामूहिक योग व स्वच्छता से गूंजेगा प्रदेश
-
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जनभागीदारी से होंगे विशेष आयोजन
UP News: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी अमृत सरोवर स्थलों पर व्यापक जनभागीदारी के साथ सामूहिक योग के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवरों पर आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उपमुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा सभी जनपदों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि अमृत सरोवर स्थलों पर सामूहिक योग सत्र, एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
इन कार्यक्रमों में स्थानीय समुदाय, स्कूली छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, आजीविका मिशन से जुड़ी दीदियों, पंचायत प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों तथा अन्य हितधारकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। डिप्टी सीएम ने कहा कि अमृत सरोवर ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता और सामुदायिक चेतना के केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इन स्थलों पर आयोजित कार्यक्रम स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश देंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अमृत सरोवर उपयोगकर्ता समूहों, स्वयं सहायता समूहों, पद्म पुरस्कार प्राप्त व्यक्तियों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों, युवा समूहों, शिक्षण संस्थानों तथा जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रमों से जोड़ते हुए व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए।
‘सरोवर संवाद’ का भी होगा आयोजन
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अमृत सरोवरों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में ‘सरोवर संवाद’ का भी आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से ग्रामीणों को वीबी- जी राम जी योजना के प्रावधानों एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग जीएस प्रियदर्शी ने सभी जनपदों को निर्देश दिए हैं कि आयोजित कार्यक्रमों की फोटोग्राफ एवं गतिविधियों का विवरण मिशन अमृत सरोवर पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा कार्यक्रम सम्पन्न होने के दो दिवस के भीतर राज्य मुख्यालय को विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।



Post Comment