‘आतंक के आकाओं तक नहीं पहुंचने देंगे सिंधु का पानी’, Rajnath Singh की दो टूक
Rajnath Singh: भारत अब ऐसे किसी भी देश के प्रति नरम रुख नहीं अपनाएगा जो आतंकवादी गतिविधियों को समर्थन देता हो. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि केंद्र सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि सिंधु नदी का पानी उन लोगों तक न पहुंचे जो आतंकवाद को संरक्षण देने का काम करते हैं. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए ये बातें कहीं. हैदराबाद में बीजेपी की तेलंगाना इकाई द्वारा आयोजित ‘इंटेलेक्चुअल मीट’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत ने हाल के दिनों में अपनी नीति और नीयत दोनों को दुनिया के सामने स्पष्ट कर दिया है. उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से देश ने यह संदेश दिया है कि शांति और सौहार्द की भावना का सम्मान करने वालों के साथ भारत हमेशा खड़ा रहता है, लेकिन जो लोग हिंसा और आतंक का रास्ता चुनते हैं, उन्हें उसी भाषा में जवाब देना भी भारत जानता है.
आतंकवाद पर अब कोई समझौता नहीं
राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार पहले ही साफ कर चुकी है कि भारत के खिलाफ किसी भी आतंकी हमले की कीमत चुकानी पड़ेगी. उन्होंने कहा कि आतंकवाद और सामान्य रिश्ते एक साथ नहीं चल सकते. सरकार की प्राथमिकता देश की सुरक्षा है और इस मामले में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी. अपने संबोधन के दौरान रक्षा मंत्री ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि जब देश के सैनिक सीमा पर साहस और पराक्रम का परिचय दे रहे थे, तब कुछ राजनीतिक दल और उनके नेता सेना की कार्रवाई तथा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर सवाल खड़े कर रहे थे. उन्होंने कहा कि ऐसे समय में पूरे देश को एकजुट होकर सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ाना चाहिए.
सैनिकों के शौर्य की सराहना
रक्षा मंत्री ने भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि जवानों ने हर चुनौती का मजबूती से सामना किया है और देश की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार की नीति पूरी तरह स्पष्ट है और राष्ट्रीय हित सर्वोपरि रहेगा.



Post Comment