पांच दिन में 13 राज्यों में पहुंचा मानसून, MP-UP में आंधी-बारिश; दिल्‍ली समेत आठ राज्‍यों में लू का अलर्ट

पांच दिन में 13 राज्यों में पहुंचा मानसून, MP-UP में आंधी-बारिश; दिल्‍ली समेत आठ राज्‍यों में लू का अलर्ट

नई दिल्‍ली: भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मानसून पांच दिन में 13 राज्यों तक पहुंच गया। इसने सोमवार को तेलंगाना में एंट्री ली है। मानसून पश्चिमी तट पर अब मुंबई से 150 किमी दूर है। अगले 48 घंटे में यह मुंबई में दस्तक दे सकता है। मध्य प्रदेश और उत्तर पदेश सहित कई राज्यों में प्री मानसून बारिश हो रही है। मध्य प्रदेश के भोपाल में सोमवार को बारिश हुई। यूपी के गोरखपुर और जालौन में भी तेज बारिश हुई। राजस्थान के कुछ हिस्सों में 60 से 120kmph की रफ्तार से हवा चली।

इधर, राजस्थान के पश्चिमी जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। सोमवार को श्रीगंगानगर 45.6°C तापमान रहा। फलोदी में 44.8°C, जैसलमेर और बीकानेर में 44-44°C तापमान दर्ज किया गया। मौमस विभाग के मुताबिक मंगलवार को 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट है। पूरे केरलम और कर्नाटक के 2 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट है।

इन राज्‍यों में मानसून की एंट्री

8 जून: केरलम, कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मणिपुर, त्रिपुरा, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश और असम में मानसून पहुंचा।

9 जून से 5 जुलाईः इन राज्यों में पहुंचेगा

मेघालय, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और राजस्थान।

केरलम में इस बार मानसून 3 दिन की देरी से 4 जून को पहुंचा था। इसके बाद सिर्फ 5 दिनों में यह 13 राज्यों तक पहुंच गया है। सोमवार को मानसून ने तेलंगाना में भी एंट्री कर ली। इससे पहले रविवार को मानसून त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड तक पहुंचा था।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में यह कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर के बाकी इलाकों में आगे बढ़ सकता है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अगले कुछ दिनों में मानसून पहुंच सकता है।

10 जून तक मुंबई पहुंचने की संभावना

पश्चिमी तट पर मानसून अब मुंबई से करीब 150km दूर है। अगले 48 घंटे में इसके मुंबई पहुंचने की संभावना है। मुंबई में मानसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 10 जून है। अगले 7 दिनों के दौरान केरलम, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

अगले दो दिन के मौसम का हाल

10 जून: बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश के साथ आंधी-तूफान का अनुमान है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

केरलम, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बारिश होगी। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 40-60kmph की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

11 जून: दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान 50-70kmph की रफ्तार से हवा चलेगी। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ ओले गिर सकते है।

बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। केरलम, कर्नाटक और पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।

दिल्ली में 43.4°C तक पहुंचा पारा, 8 राज्यों में लू का अलर्ट

उत्तर भारत में गर्मी फिर तेज हो गई है। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 43.4°C दर्ज किया गया। दिल्ली के सफदरजंग में तापमान 42.2°C रहा, जो सामान्य से 2°C अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक, 10 जून तक तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। IMD ने मंगलवार को 8 राज्यों में लू का अलर्ट दिया है। इनमें मध्य प्रदेश (पूर्व), उत्तर प्रदेश (पूर्व), दिल्ली, चंडीगढ़, महाराष्ट्र (विदर्भ), हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान शामिल हैं।

Post Comment

You May Have Missed