अफगानिस्तान के खिलाफ भारत 451 रन से आगे, दूसरे दिन AFG का स्कोर 113/5

अफगानिस्तान के खिलाफ भारत 451 रन से आगे, दूसरे दिन अफगानिस्तान का स्कोर 113/5

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क: भारतीय क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट की पहली पारी 564/8 के स्कोर पर घोषित की। रविवार (07 जून) को न्यू चंडीगढ़ में दूसरे दिन के स्टंप्स तक अफगानिस्तान की टीम पांच विकेट पर 113 रन बना पाई। रहमत शाह 43 रन पर नाबाद लौटे। भारत पहली पारी के आधार पर 451 रन से आगे है।

भारत के लिए डेब्यू कर रहे मानव सुथार ने तीन विकेट लिए। उन्होंने रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक और अफसर जजई को पवेलियन भेजा। प्रसिद्ध कृष्णा ने कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी और सेदीकुल्लाह अटल के विकेट लिए।

25 साल बाद भारतीय गेंदबाज ने डेब्यू टेस्ट ओवर में लिया विकेट

डेब्यू कर रहे लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार ने अपने पहले ही ओवर में विकेट लिया। इसके साथ ही वे ऐसा करने वाले भारत के आठवें खिलाड़ी बन गए। 25 साल बाद किसी भारतीय ने यह कारनामा किया। इससे पहले 2001 में टीनू योहानन ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट के पहले ओवर में विकेट लिया था।

गिल और राहुल के शतक, तीन बैटर्स ने फिफ्टी लगाई

कप्तान शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 126 रन बनाए। ओपनर केएल राहुल ने 100 रन की पारी खेली। ऋषभ पंत और साई सुदर्शन ने 81-81 रन बनाए। वॉशिंगटन सुंदर 52 और कुलदीप यादव 9 रन बनाकर नाबाद रहे।

डेब्यू मैच खेल रहे मानव सुथार ने 28, यशस्वी जायसवाल ने 24 और ध्रुव जुरेल ने 19 रन बनाए। मोहम्मद सिराज ने 12 गेंदों पर 22 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद सलीम सफी ने छह विकेट लिए। जियाउर रहमान और हश्मतुल्लाह शाहिदी को एक-एक विकेट मिला।

Post Comment

You May Have Missed