UP Weather: कल से इन जिलों में लू चलने की चेतावनी; मानसून पर आया अपडेट
UP Weather: यूपी में एक बार फिर मौसम पलटने जा रहा है। बीते कुछ दिनों चलने वाली राहत रविवार से खत्म होने जा रही है। केरलम में मानसून की एंट्री के साथ ही उत्तर प्रदेश का मौसम भी करवट ले रहा है। राजधानी लखनऊ समेत ज्यादातर जिलों में शुक्रवार को बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी, तेज हवा और कहीं-कहीं आंधी जैसे हालात बने। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी बादलों की आवाजाही जारी रहेगी, तेज हवा के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। करीब पांच दिन बाद दक्षिणी यूपी में तापमान की बढ़ोतरी के साथ लू चलने के आसार हैं।
इन क्षेत्रों में बनी रहेगी आंधी–बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तेज हवा, आंधी और बूंदाबांदी के चलते तापमान में मामूली गिरावट महसूस की गई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को भी प्रदेश भर में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का असर कम होगा। उत्तरी क्षेत्र में आंधी-बारिश की संभावना बनी हुई है। उन्होंने बताया कि रविवार से तापमान में वृद्धि शुरू होने के आसार हैं। करीब पांच दिन बाद दक्षिणी उत्तर प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही लू के आसार हैं। बाद में इसका असर अन्य क्षेत्रों में भी पड़ सकता है।



Post Comment