अभिषेक के बाद TMC सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला, आरोप- BJP समर्थकों ने मारा
हुगली: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कल्याण बनर्जी ने रविवार (31 मई) को आरोप लगाया कि पुलिस स्टेशन के बाहर बीजेपी समर्थकों ने उन पर हमला किया और उन्हें घायल कर दिया। बनर्जी हुगली में विधानसभा चुनावों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ ज्ञापन सौंपने के लिए चंडीतला पुलिस स्टेशन गए थे, जहां भीड़ ने उन्हें घेर लिया।
सांसद बनर्जी ने कहा कि मैं अकेला आ रहा था। बीजेपी सदस्यों ने गाली-गलौज की, मेरे सिर पर बॉल मारी। खून भी बहने लगा। अब लोग तय करेंगे कि टीएमसी सांसदों को लगातार निशाना बनाया जाना सही है या गलत।
वीडियो भी आया सामने
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सामने आया, जिसमें कल्याण बनर्जी पहले पुलिस स्टेशन के बाहर नारे लगाते दिखे। बाद में वे सिर पकड़कर जमीन पर लेटते नजर आए। कुछ देर बाद वे इस हमले के विरोध में थाने के बाहर ही बैठ गए। उन्हें अपने सिर के पिछले हिस्से पर कपड़ा रखे हुए देखा गया। हालांकि, BJP ने कल्याण के आरोपों का खंडन किया। कहा कि वे ड्रामा कर रहे हैं। उन्हें कोई चोट नहीं लगी। वे कल के अभिषेक बनर्जी के अंडे वाले विवाद से लोगों का ध्यान हटाना चाहते हैं।
कल्याण को आते देख भीड़ चोर-चोर चिल्लाने लगी
कल्याण बनर्जी हुगली के श्रीरामपुर से सांसद हैं। कल्याण चंडीतला पुलिस स्टेशन पहुंचे हुए थे। थाने के बाहर तनाव का माहौल था। भीड़ पहले से मौजूद थी। कल्याण वहां पहुंचे तो उन्हें काले झंडे दिखाए गए। भीड़ ने उन्हें और TMC के बाकी नेताओं को चोर कहा।
कल्याण ने पुलिस की निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए थाने के बाहर ही धरना दिया। वे मीडिया से बोले, यह सब पुलिस की मौजूदगी में हुआ। मेरे सिर पर चोट लगी है और खून बह रहा है।
TMC बोली- 24 घंटों के अंदर 2 नेताओं पर हमले अराजकता है
TMC ने कल्याण बनर्जी की तस्वीर शेयर करते हुए X पर लिखा- लोकतंत्र पर हमला हो रहा है, पूरी तरह से अराजकता है। इन गुंडों को पुलिस स्टेशन के बाहर इकट्ठा होने की इजाजत कैसे दी गई? पुलिस की मौजूदगी में पत्थरबाजी कैसे हो सकती है? चुनाव नतीजे घोषित हुए 26 दिन बीत चुके हैं, फिर भी चुनाव के बाद होने वाली हिंसा लगातार जारी है।
एक दिन पहले अभिषेक बनर्जी पर हुआ था हमला
पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर शनिवार को दक्षिण सोनारपुर में हमला हुआ था, जहां वे चुनाव बाद हिंसा के पीड़ित कार्यकर्ताओं से मिलने गए थे। भीड़ ने अभिषेक पर हमला किया और अंडे भी फेंके।
हाथापाई के दौरान अभिषेक की शर्ट भी फाड़ दी। भीड़ के हमले से बचने के लिए अभिषेक बनर्जी हेलमेट पहनकर निकले। इस मामले में अब तक 5 लोगों को अरेस्ट कर लिया गया है।



Post Comment