भाजपा के मंत्रियों और विधायकों की संपत्ति की जांच हो: अंशू अवस्थी

भाजपा के मंत्रियों और विधायकों की संपत्ति की जांच हो: अंशू अवस्थी

कानपुर: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के तहत कानपुर के तिलक हॉल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने मांग की कि भाजपा के मंत्रियों और विधायकों की संपत्ति की जांच होनी चाहिए, क्योंकि वे जनता की सेवा के बजाय अपनी तिजोरियां भरने में लगे हैं, जिससे नेता अमीर और जनता गरीब हो रही है। इस दौरान शहर अध्यक्ष पवन गुप्ता और जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) संदीप शुक्ला भी मौजूद रहे।

अंशू अवस्थी ने कहा कि योगी सरकार को युवाओं, किसानों और व्यापारियों की कोई चिंता नहीं है। कानपुर, जो कभी उत्तर प्रदेश का ‘मैनचेस्टर’ कहलाता था, वहां के उद्योगों को भाजपा सरकार ने चौपट कर दिया है। उन्होंने आगरा में एक निजी कंपनी का ₹430 करोड़ माफ करने पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार गरीबों और किसानों का कर्ज माफ नहीं करती, बल्कि आवाज उठाने पर विपक्ष के घर ईडी और आयकर विभाग भेज देती है।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को रोकने का लगाया आरोप

प्रवक्ता ने कहा कि महोबा में दलित छात्रा के साथ हुए अपराध पर सरकार का कोई नुमाइंदा पीड़ित परिवार से मिलने नहीं गया। जब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़िता का दुख साझा करने जा रहे थे, तो उन्हें रोकने की कोशिश की गई और भाजपा नेताओं द्वारा उनके खिलाफ प्रदर्शन कर उनकी संपत्ति की जांच की मांग की गई, जो भाजपा की बौखलाहट को दर्शाता है।

अंशू अवस्थी ने कानपुर के स्थानीय विधायक महेश त्रिवेदी के कथित 10 प्रतिशत कमीशन वाले बयान का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा शासन में मिड-डे मील, सड़क, अस्पताल, मनरेगा और स्मार्ट मीटर के नाम पर जमकर लूट मची है। यहां तक कि अयोध्या में ₹2 करोड़ की जमीन को 10 मिनट में ₹20 करोड़ में बेचने जैसा भ्रष्टाचार किया गया। उन्होंने मांग की कि जनता को सच जानने का पूरा अधिकार है, इसलिए भाजपा नेताओं की संपत्तियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

Post Comment

You May Have Missed