ऋषभ पंत ने छोड़ी लखनऊ की कप्तानी, हार्दिक पंड्या की भी MI छोड़ने की चर्चा तेज

ऋषभ पंत ने छोड़ी लखनऊ की कप्तानी, हार्दिक पंड्या की भी MI छोड़ने की चर्चा तेज

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी ऋषभ पंत ने छोड़ दी है। फ्रेंचाइजी ने बताया कि खुद कप्तानी छोड़ने का अनुरोध किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। लखनऊ की टीम इस सीजन में 10वें और आखिरी स्थान पर रही।

ऋषभ पंत के कप्तानी छोड़ने के फैसले पर लखनऊ के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने जानकारी देते हुए कहा, पंत के अनुरोध को हमने सम्मानपूर्वक स्वीकार कर लिया है। खेल में इस तरह के फैसले कभी भी आसान नहीं होते हैं।

27 करोड़ में खरीदे गए थे पंत

लखनऊ सुपर जायंट्स ने पंत को 27 करोड़ रुपये में खरीदा था, इसलिए उनके प्रदर्शन पर नजर रखी जा रही थी। इस बीच वे रन बनाने के लिए संघर्ष करते रहे। वे मौजूदा सीजन में महज 312 रन ही बना सके।

हार्दिक के MI छोड़ने की भी चर्चा

इस बीच, हार्दिक पंड्या ने मुंबई इंडियंस छोड़ने की चर्चा चल रही है। न्यूज एजेंसी PTI ने IPL सूत्रों के हवाले से बताया कि पांड्या ने इसकी जानकारी टीम के प्लेऑफ की रेस से बाहर होते ही मैनेजमेंट को दे दी थी। उन्होंने सीनियर खिलाड़ियों से मतभेद को फैसले की वजह बताया था।

32 साल के ऑलराउंडर ने सीजन के बीच में ही मुंबई टीम मैनेजमेंट को बताया था कि वे टीम के खराब प्रदर्शन, सीनियर खिलाड़ियों से मतभेद के चलते तनाव में हैं। अलग होने को लेकर पंड्या और मुंबई इंडियंस में सहमति बन गई है। मुंबई इस IPL सीजन में 9वें नंबर पर रही।

लगातार तीसरे सीजन पंड्या के MI से अलग होने की खबर

यह पहली बार नहीं है, जब हार्दिक पंड्या के मुंबई इंडियंस से अलग होने की खबर आई हो। पंड्या 2015 से 2021 तक MI की ओर से खेले थे। इसके बाद उन्होंने टीम छोड़ दी और दो साल (2022 और 2023) गुजरात टाइटंस की कप्तानी की। 2024 में उनकी मुंबई में वापसी हुई और उन्हें रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनाया गया। 2024 में मुंबई 10वें और आखिरी स्थान पर रही।

साल 2025 में टीम प्लेऑफ में पहुंची लेकिन खिताब नहीं जीत पाई। इन दोनों सीजन के दौरान और उसके बाद खबरें आई कि पंड्या मुंबई छोड़ सकते हैं या मुंबई उनसे कप्तानी छीन सकती है। इस बार भी ऐसी ही खबरें आ रही हैं।

रोहित की जगह कप्तानी मिलने का फैंस ने लगातार विरोध किया

हार्दिक पंड्या साल 2024 में मुंबई के कप्तान बनकर टीम में लौटे थे। इससे पहले उन्होंने दो साल तक गुजरात की कप्तानी की थी। मुंबई ने रोहित शर्मा की जगह हार्दिक को कप्तानी सौंपी थी। इस फैसले के बाद से ही MI के फैंस नाराज थे। पहले साल (2024) में भी मैदान पर हार्दिक के खिलाफ जमकर हूटिंग हुई थी और मौजूदा सीजन में भी चीजें उनकी प्लानिंग के मुताबिक नहीं रहीं।

लगातार दो सीजन तक दर्शकों के गुस्से का सामना करने के बावजूद हार्दिक ने हमेशा यही कहा कि यह सफर मुश्किल लेकिन मनोरंजक रहा है। हालांकि, अब उन्होंने अलग होने का फैसला किया है।

पीठ की चोट और मानसिक थकान बनी वजह

IPL के एक सोर्स ने PTI को बताया, हार्दिक मानसिक रूप से बहुत तनाव में थे और पूरी तरह थक चुके थे। उन्हें पीठ में चोट भी लगी थी। जैसे ही प्लेऑफ की उम्मीदें खत्म हुईं, हार्दिक ने टीम के डिसीजन-मेकर्स को बता दिया कि वे अब टीम में नहीं रुकेंगे। सोर्स ने कहा कि एक युवा खिलाड़ी आखिर कितना बर्दाश्त कर सकता है, उनके लिए पिछले तीन साल आसान नहीं रहे हैं।

ड्रेसिंग रूम में सीनियर खिलाड़ियों के साथ मतभेद

हार्दिक ने साल 2021 में जिस मुंबई इंडियंस के ड्रेसिंग रूम को छोड़ा था, 2024 में वापसी करने पर वह वैसा नहीं रहा। टीम के सभी सीनियर खिलाड़ी एक मत नहीं थे। अगर विचार अलग होने के बाद भी नतीजे अच्छे आएं, तो निराशा नहीं होती।

मगर, जब हर कोई अलग-अलग दिशा में खींचे, तो एक समय के बाद आगे बढ़ने की मानसिक क्षमता नहीं बचती। इसलिए हार्दिक ने मिड-सीजन में ही तय कर लिया था कि वे अगले सीजन में मुंबई इंडियंस का हिस्सा नहीं होंगे।

Post Comment

You May Have Missed