हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, छह मजदूरों की मौत

हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, छह मजदूरों की मौत

हमीरपुर: हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब शुक्रवार देर रात 2 बजे गिर गया। इस हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई। स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) ने मलबे में फंसे तीन मजदूरों को निकाला। साढ़े 7 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला।

उत्तर प्रदेश ब्रिज कॉरपोरेशन के एमडी धर्मवीर सिंह ने बताया कि आंधी-बारिश के कारण स्‍लैब गिरा और नीचे सो रहे मजदूर दब गए। हादसे के बाद सहायक अभियंता गजेंद्र कुमार चौधरी को निलंबित कर दिया गया है। डीपीएम दिलीप कुमार पर विभागीय कार्रवाई शुरू की जा रही है।

मृतकों में चार बांदा और दो हमीरपुर के

मौसम विभाग के मुताबिक, हमीरपुर में देर रात 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली थी। हादसा शहर से 25 किमी. दूर ललपुरा इलाके में हुआ। मृतकों में 4 बांदा और 2 हमीरपुर के रहने वाले थे। SDRF के अधिकारियों ने बताया कि रात ढाई बजे से शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है।

प्रत्यक्षदर्शी सुरेश कुमार ने बताया कि पुल पर दो शिफ्ट में काम होता है। जिस वक्त आंधी आई, पहली शिफ्ट के लोग पुल के नीचे थे, जबकि दूसरी शिफ्ट के 7 मजदूर पुल पर काम कर रहे थे। उनमें मैं भी था। आंधी से बचने के लिए हम लोग पुल पर लेट गए। इसी बीच हादसा हो गया।

सेतु निगम पुल की लागत 90 करोड़

उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम पुल का निर्माण करवा रहा है। इसकी लागत 90 करोड़ रुपये है। 700 मीटर लंबा दो लेन का ब्रिज मोराकांड से कुरारा गांव के बीच बनाया जा रहा है। इसका निर्माण मार्च 2024 में शुरू हुआ था। दिसंबर 2026 तक इसे पूरा किया जाना है।

सहायक अभियंता निलंबित

यूपी ब्रिज कारपोरेशन के एमडी धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामले में प्रथम दृष्टया सहायक अभियंता गजेंद्र कुमार चौधरी को निलंबित किया है। डीपीएम दिलीप कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि मामले में विभागीय जांच के लिए कमेटी गठित की है। जांच कमेटी में संयुक्त प्रबंध निदेशक, मुख्य परियोजना प्रबंधक (डिजाइन) और मुख्य परियोजना प्रबंधक, कानपुर शामिल हैं।

सपा सांसद बोले- प्रशासन तुरंत ही आर्थिक सहायता दे

समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने की घटना पर कहा कि ये दर्दनाक घटना है और दु:खद है। मृतकों के प्रति मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनके परिवारजानों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं और प्रशासन से मांग करते हैं कि इसमें तुरंत ही आर्थिक सहायता दी जाए। जो घायल हैं, उनका इलाज अच्छे ढंग से कराया जाए।

Post Comment

You May Have Missed