‘बिजली के तारों पर कपड़े सुखाने’ के बयान पर अखिलेश यादव ने भाजपा को घेरा

‘बिजली के तारों पर कपड़े सुखाने’ के बयान पर अखिलेश यादव ने भाजपा को घेरा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘बिजली के तारों पर कपड़े सुखाने’ वाले बयान पर तीखा पलटवार किया है। उन्‍होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के जरिए सरकार को घेरते हुए तंज कसा कि सूबे की जनता अगले चुनाव में भाजपा को अच्छी तरह धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी।

सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री योगी की समीक्षा बैठकों पर सवाल उठाते हुए एक बड़ा राजनीतिक दावा भी कर दिया। उन्होंने लिखा- ‘यह साफ किया जाना चाहिए कि मुख्यमंत्री की बिजली संकट को लेकर होने वाली बैठकों में ऊर्जा मंत्री खुद नहीं आते या फिर उन्हें जानबूझकर बुलाया नहीं जाता है? अगर वे आते हैं, तो माननीय मुख्यमंत्री से अनुरोध है कि वे उनके कंधे पर हाथ रखकर एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दें। इससे जनता को कम से कम उनकी आपसी गर्मी से राहत मिल जाएगी, क्योंकि प्रदेश की जनता ने इन दोनों नेताओं को कभी एकांत में साथ नहीं देखा है।’

जनता के गुस्‍से से बचने का कायराना रास्‍ता ढूंढ रहे

पूर्व सीएम अखिलेश ने सरकार पर हमला जारी रखते हुए कहा कि आज भाजपा राज में बिजली सब-स्टेशनों की सुरक्षा के लिए पीएसी लगानी पड़ रही है, और खुद भाजपा के ही सांसद-विधायक अपनी सरकार को पत्र लिखकर जनता के गुस्से से बचने का कायराना रास्ता ढूंढ रहे हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में चल रहे बिजली संकट की समीक्षा करते हुए विपक्ष पर जोरदार हमला बोला था। उन्होंने अतीत का जिक्र करते हुए कहा कि आज वे लोग बिजली व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, जिनके शासनकाल में बिजली के तारों पर सिर्फ कपड़े सुखाने का काम किया जाता था। सीएम ने भरोसा दिलाया कि डबल इंजन की सरकार इस समस्या का भी स्थाई समाधान तलाश रही है।

Post Comment

You May Have Missed