यूपी में 28 मई को बकरीद की छुट्टी, मौलाना बोले- सड़क पर नमाज नहीं होनी चाहिए

यूपी में 28 मई को बकरीद की छुट्टी, मौलाना बोले- सड़क पर नमाज नहीं होनी चाहिए

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में ईद-उल-अजहा यानी बकरीद की सरकारी छुट्टी अब 27 मई की बजाय 28 मई को रहेगी। योगी सरकार ने मंगलवार को इसके आदेश जारी कर दिए। इसके अनुसार, अब 27 मई को सभी सरकारी दफ्तर और बैंक खुले रहेंगे, लेकिन 28 मई को बंद रहेंगे।

सामान्य प्रशासन के प्रमुख सचिव एसवीएस रंगा राव की तरफ से जारी संशोधित आदेश के अनुसार, चांद दिखने और पर्व की तिथि को देखते हुए छुट्टी की नई तारीख तय की गई है। मुस्लिम धर्मगुरुओं ने लोगों से सड़कों पर नमाज अदा न करने को कहा है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई और एहतियात बरतने की भी अपील की। कुर्बानी निर्धारित स्थानों पर ही करें और अवशेष खुले में न डालें।

यूपी में 28 मई को बकरीद की छुट्टी, मौलाना बोले- सड़क पर नमाज नहीं होनी चाहिए

सड़क पर नमाज की अनुमति नहीं

अलीगढ़ के शाही मुफ्ती मौलाना इफराहीम हुसैन ने कहा, सड़क पर नमाज की अनुमति ईद पर ही क्या अन्य दिनों में भी नहीं होनी चाहिए। इस्लाम हमें यह नहीं सिखाता कि किसी को तकलीफ पहुंचाई जाए। सड़कें सार्वजनिक होती हैं। इसमें सभी का हिस्सा होता है।

हमें गाय की तरफ नजरें उठाकर देखना भी नहीं है

शिया धार्मिक नेता मौलाना सैफ अब्बास ने कहा, बकरीद के दिन आपको कुर्बानी करनी चाहिए। हमारे देश के संविधान में जिन जानवरों की कुर्बानी करने की अनुमति दी गई है, उनकी ही कुर्बानी करनी चाहिए। हमें गाय की तरफ नजरें उठाकर भी नहीं देखना चाहिए क्योंकि हमारे हिंदू भाई उसकी पूजा करते हैं।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति गाय की कुर्बानी देता है तो वो इस्लाम के खिलाफ काम करेगा। इस्लाम में कहा गया है कि दूसरे धर्मों का सम्मान करना चाहिए। गाय की कुर्बानी की कोई जरूरत नहीं है।

बकरीद पर तीन घंटे ताजमहल में फ्री एंट्री

28 मई को ताजमहल में पर्यटकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। अधीक्षण पुरातत्वविद् के आदेश के अनुसार, सुबह 7 बजे से 10 बजे तक स्मारक में सभी भारतीय और विदेशी पर्यटक बिना टिकट प्रवेश कर सकेंगे। भारतीय पर्यटकों से 50 रुपये, जबकि विदेशी पर्यटकों से 1100 रुपये एंट्री फीस ली जाती है।

Post Comment

You May Have Missed