अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मोदी को बताया महान, बोले- भारत मुझ पर 100% भरोसा कर सकता है
वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना महान दोस्त बताया है। साथ ही कहा कि वे मोदी के बहुत बड़े फैन हैं और भारत, अमेरिका पर 100% भरोसा कर सकता है।
अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में ट्रंप ने अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर को फोन करके लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुझे भारत से प्यार है। आपको (एंबेसडर गोर) हमारे देश के प्रतिनिधि के तौर पर अच्छी स्पीच देनी होगी। मैं सबको गुड इवनिंग कहना चाहता हूं। मुझे प्रधानमंत्री से प्यार है। PM मोदी महान हैं, वह मेरे दोस्त हैं। मोदी को हैलो कहो। मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं।
भारत को जो चाहिए, सब है हमारे पास
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा- ‘हम पहले कभी इंडिया के इतने करीब नहीं रहे। इंडिया मुझ पर और अमेरिका पर 100% भरोसा कर सकता है। अगर उन्हें कभी मदद की जरूरत पड़ी, तो उन्हें पता है कि कहां कॉल करना है। वे यहीं कॉल करते हैं। हम अच्छा कर रहे हैं। हम रिकॉर्ड बना रहे हैं। हमारे पास एक रिकॉर्ड इकोनॉमी है, एक रिकॉर्ड स्टॉक मार्केट है और इंडिया जो कुछ भी पाना चाहता है, आज वह सब हमारे पास है।’
ट्रंप की तारीफ के कूटनीतिक मायने
डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को महान दोस्त और खुद को उनका बड़ा फैन बताया। यह बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों देशों के बीच ट्रेड डील और टैरिफ को लेकर बातचीत चल रही है। QUAD, इंडो-पैसिफिक, रक्षा और टेक्नोलॉजी जैसे मुद्दों पर भारत-अमेरिका सहयोग दोनों देशों के रिश्तों में अहम बना हुआ है।
ट्रंप के इस बयान को भारत-अमेरिका ट्रेड डील से भी जोड़कर देखा जा रहा है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो पहले ही कह चुके हैं कि दोनों देशों के बीच जल्द व्यापार समझौता हो सकता है। उनका ये कहना ‘भारत अमेरिका पर 100% भरोसा कर सकता है’ निवेश, टेक्नोलॉजी और व्यापार सहयोग को लेकर भरोसे का संदेश माना जा रहा है।
भारत पर लगे टैरिफ को घटाया था
अमेरिका हाल के महीनों में कई भारतीय प्रोडक्ट्स पर टैरिफ बढ़ा चुका है, लेकिन इसके बावजूद दोनों देश रक्षा, AI, सेमीकंडक्टर और ऊर्जा सेक्टर में सहयोग बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। फरवरी में अमेरिका ने भारत पर लगाए 50% टैरिफ को घटाकर 18% कर दिया था।



Post Comment