बलूचिस्तान में रेलवे ट्रैक के पास आत्मघाती हमला, 26 लोगों के मारे जाने की खबर

बलूचिस्तान में रेलवे ट्रैक के पास आत्मघाती हमला, 26 लोगों के मारे जाने की खबर

इस्‍लामाबाद: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा शहर में रविवार (24 मई) को चमन फाटक के नजदीक रेलवे ट्रैक के पास आत्मघाती हमला किया गया। इस हमले की चपेट में जाफर एक्सप्रेस आ गई। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि 70 से ज्यादा घायल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धमाके के समय ट्रेन क्वेटा कैंट की ओर जा रही थी। विस्फोट इतना जोरदार था कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

इस धमाके के बाद रेलवे ट्रैक के पास आग लग गई। फायर ब्रिगेड, पुलिस, रेस्क्यू टीम और सुरक्षा बल तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस ने बताया कि विस्फोट के असर से आसपास की इमारतों की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और धमाके की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली

बलूचिस्तान सरकार के गृह मामलों के विशेष सहायक बाबर यूसुफजई ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और सभी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने की अपील की। फिलहाल, किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे आतंकवादी हमला मानकर जांच कर रही हैं।

Post Comment

You May Have Missed