तेज धूप और हीटवेव से तप रहा देश का आधे से ज्यादा हिस्सा, राजस्थान-UP समेत सात राज्यों में आंधी-बारिश
नई दिल्ली: मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र और ओडिशा के कई हिस्सों में तापमान 45°C पार जा रहा है। महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी शनिवार को लगातार दूसरे दिन देश में सबसे गर्म रहा। यहां 47.1°C तापमान दर्ज हुआ।
प्राइवेट एजेंसी AQI.in के मुताबिक, शनिवार को दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों में भारत के 37 शहर थे। इनमें बांदा, चंद्रपुर, रायपुर, प्रयागराज जैसे शहर शामिल थे। यूपी के बांदा में 46.2°C तापमान रहा। ओडिशा के झारसुगुड़ा में 45.2°C रिकॉर्ड किया गया।
कई राज्यों से आंधी-बारिश से थोड़ी राहत
दिल्ली के कई हिस्सों में तापमान 44°C के पार पहुंच गया। हालांकि दोपहर के बाद यूपी, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। राजस्थान के सभी शहरों का तापमान 45°C से नीचे आ गया।
तेलंगाना में 16 लोगों की हीटस्ट्रोक से मौत
इधर, तेलंगाना के 7 जिलों में हीटस्ट्रोक के कारण बीते 24 घंटे में 16 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने आज हैदराबाद, रंगारेड्डी, करीमनगर, खम्मम, नलगोंडा, सूर्यपेट, मुलुगु, महबूबनगर और में 26 मई तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। लोगों को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
अगले दो दिन के मौसम का हाल
25 मई: दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गर्मी और हीटवेव का असर रहेगा; आसमान साफ और धूप तेज रहेगी।
वहीं, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु जैसे दक्षिणी राज्यों और असम, मेघालय में बारिश और बिजली के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
26 मई: हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में हीटवेव चलने की संभावना है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा में उमस भरी गर्मी परेशान करेगी।
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। बिहार में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, कर्नाटक, बंगाल में गरज के साथ तूफान का अलर्ट है।



Post Comment