यूपी में सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, सरकार ने बढ़ाया 2% महंगाई भत्ता
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए दो फीसदी महंगाई भत्ता बढ़ाने की घोषणा की है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। इस फैसले से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। बढ़ा हुआ भत्ता कर्मचारियों को 01 जनवरी, 2026 से दिया जाएगा।
बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ राज्य कर्मचारियों और सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित और पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्य प्रभारित कर्मचारियों और यूजीसी वेतनमानों में कार्यरत पदधारकों को दिया जाएगा।
16 लाख कर्मचारियों और 12 लाख पेंशनर्स को होगा लाभ
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के 16 लाख कर्मचारियों और 12 लाख पेंशनर्स को सीधा लाभ मिलेगा। जारी किए गए आदेश के अनुसार, कर्मचारियों को 01 जनवरी से 30 अप्रैल तक का महंगाई भत्ता एरियर के साथ उनके भविष्य निधि खाते में जमा किया जाएगा। जबकि, मई का महंगाई भत्ता उनके वेतन में जोड़कर जून के महीने में दिया जाएगा।
पिछले वर्ष भी की गई थी वृद्धि
इसके पहले, प्रदेश सरकार ने पिछले वर्ष दिवाली पर 7वें वेतनमान के राज्यकर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाने के एलान के बाद 5वें और 6वें वेतनमान के राज्यकर्मियों को भी बढ़ी दर से महंगाई भत्ता (DA) देने का आदेश जारी किया था। जिसके बाद बढ़ी दर से महंगाई भत्ते का भुगतान अक्तूबर के वेतन के साथ किया गया था। पांचवें वेतनमान वाले कर्मचारियों का डीए आठ प्रतिशत और छठवें वेतनमान वाले कार्मिकों का डीए पांच प्रतिशत बढ़ाया गया था।
इन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
DA में वृद्धि का लाभ राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं के कर्मचारियों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित एवं पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्य प्रभारित कर्मचारियों तथा यूजीसी वेतनमान में कार्यरत कर्मचारियों को मिलेगा।



Post Comment