यूपी में भीषण गर्मी और हीटवेव का प्रकोप, काशी-आगरा समेत चार शहरों में स्कूल बंद
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव (लू) का कहर हर किसी को परेशान कर रहा है। पारा 48°C के करीब पहुंच गया। सोमवार को बांदा लगातार दूसरे दिन देश में सबसे गर्म शहर रहा। तापमान 47.6°C रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले 27 अप्रैल को भी बांदा में पारा 47.6 °C पहुंचा था।
वहीं, मंगलवार सुबह से ही पूरे प्रदेश में तेज धूप निकली है। 9 बजे से ही लू जैसी हवाएं चल रही हैं। सुबह 9.30 बजे प्रयागराज-झांसी में पारा 36°C डिग्री, मेरठ में 34 डिग्री पहुंच गया। भीषण गर्मी की वजह से काशी में सभी स्कूल 25 मई तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। आगरा में हीटवेव अलर्ट के चलते 12वीं तक स्कूल आज बंद रहेंगे। चित्रकूट और बांदा में 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
कानपुर चिड़ियाघर में जानवरों के लिए खास इंतजाम
कानपुर चिड़ियाघर में भी भीषण गर्मी और लू से जानवरों को बचाने के लिए खास इंतजाम किए हैं। कोबरा सांप के बाड़े में बर्फ से भरी बोतल रखी जा रही है। वह लिपटकर गर्मी से राहत पा रहा है। बिचखोपड़े के लिए भी ठंडे पानी और बर्फ की बोतल का इंतजाम किया गया है।
मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी समेत 39 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। आने वाले 5 दिन पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ेगी। ज्यादातर जिले लू की चपेट में रहेंगे। दिन के वक्त तापमान 44°C से 48°C के बीच रहेगा।
23 मई तक पड़ेगी भीषण गर्मी
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। 23 मई तक भीषण गर्मी पड़ेगी। अधिकांश हिस्सों में तापमान बढ़ेगा। लू चलेगी। तापमान में 3 से 4°C तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, मानसून केरल में 26 मई के आसपास पहुंच सकता है। इससे अनुमान लगाया जा रहा कि 18 जून को मानसून गोरखपुर के रास्ते यूपी में प्रवेश करेगा। हालांकि, यह एक संभावित तिथि है।
हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और आसपास इलाके।
हीटवेव का यलो अलर्ट
सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, आजमगढ़, मऊ, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, अमेठी, सुल्तानपुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, मैनपुरी, ललितपुर और आसपास के इलाके।
वार्म नाइट का अलर्ट
शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद और आसपास के इलाके।
अगले 5 दिन का मौसम
20 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। आंधी-बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
21 मई: पूर्वांचल के उत्तर पूर्वी इलाकों में कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं। पश्चिमी यूपी में भीषण गर्मी का सिलसिला जारी रहेगा।
22 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा। लू चलेगी। पूर्वी यूपी में हल्की बारिश हो सकती है।
23 मई: पश्चिमी यूपी में तेज धूप निकलेगी। लू परेशानी बढ़ाएगी। पूर्वांचल में बारिश की संभावना है।
24 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। 40 की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी। पूर्वी यूपी में बारिश हो सकती है।



Post Comment