यूपी में अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों पर उमड़ रही भारी भीड़, मच्छरदानी लगाकर सो रहे लोग

यूपी में अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों पर उमड़ रही भारी भीड़, मच्छरदानी लगाकर सो रहे लोग

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में एक बार फिर पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी लाइनें लगने लगी हैं। गोरखपुर, बहराइच, महराजगंज, बस्ती, मऊ, देवरिया, श्रावस्ती और संत कबीरनगर में कई पंपों पर पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया है। कई जगह लंबी-लंबी लाइनें देखने को मिल रही हैं। हालांकि, तेल कंपनियों और अधिकारियों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें।

महराजगंज में मंगलवार को कई पेट्रोल पंप बंद कर दिए गए। मुख्यालय के सिर्फ एक पंप पर पेट्रोल-डीजल मिल रहा है। रात के वक्त लोग पंपों के बाहर मच्छरदानी लगाकर सो रहे हैं। ताकि सुबह पंप खुलते ही डीजल ले सकें। बस्ती में पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर लिमिट तय कर दी गई है। बाइक सवारों को 200 रुपए और कार वालों को 1000 रुपए का ही ईंधन दिया जा रहा है।

पेट्रोल पंपों पर पुलिस तैनात

मऊ और संतकबीर नगर में कई पेट्रोल पंपों पर पुलिस तैनात है। सुरक्षा के बीच पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। इससे पहले, यूपी में पेट्रोल-डीजल एक बार फिर महंगा हो गया। लखनऊ में पेट्रोल का दाम 98.40 रुपये और डीजल का रेट 91.72 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। एक हफ्ते से कम समय में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले शुक्रवार को कीमतों में 3 रुपये/लीटर की बढ़ोतरी हुई थी।

राज्य स्तरीय समन्वयक (तेल उद्योग) के कार्यकारी निदेशक संजय भंडारी ने बताया कि यूपी में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई किल्लत नहीं है। आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है। स्टॉक भी पर्याप्त है। घरेलू एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और निर्बाध रूप से चल रही है। टर्मिनलों और डिपो से रिटेल आउटलेट्स तक निर्बाध सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है। अफवाहों पर ध्यान न दें। अनावश्यक रूप से पेट्रोल, डीजल या एलपीजी खरीदकर स्टॉक न करें।

अफवाहों की वजह से उमड़ी भीड़

संजय भंडारी ने बताया कि यूपी में 20 लाख लीटर पेट्रोल और 33 लाख लीटर डीजल की खपत प्रतिदिन की है। भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड, इंडियन आयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के कुल 13168 पेट्रोल पंप हैं। उन्होंने बताया कि हमारे पास 15 से 20 दिन का स्टॉक वार शुरू होने के बाद से मेंटेन है। इसी तरह गैस कनेक्शन की संख्या यूपी में 4.88 करोड़ है। इसे वितरित करने के लिए 4143 एजेंसियां सक्रिय हैं। इसका भी स्टॉक 5 से 6 दिन का है।

उन्होंने बताया कि कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर पेट्रोलियम उत्पादों की कमी को लेकर अफवाहें फैल रही थीं, जिसके चलते कुछ जगहों पर अनावश्यक भीड़ और स्टॉक करने की घटनाएं सामने आईं। राज्य स्तरीय समन्वयक ने इन अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पूरी आपूर्ति व्यवस्था मजबूत है और किसी भी प्रकार की समस्या नहीं है।

सपा सांसद अवधेश प्रसाद बोले- महंगाई इतनी बढ़ेगी कि ‘आसमान छोटा पड़ जाएगा’

समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी पर कहा कि लगातार दामों में बढ़ोतरी हो रही है। यह दूसरी बढ़ोतरी हुई है। जिस तरह से दाम और महंगाई बढ़ रही है, ऐसा लगता है कि महंगाई इतनी बढ़ जाएगी कि आसमान छोटा हो जाएगा। सरकार के पास इसको रोकने के लिए कोई समाधान नहीं है। इस पर पूरे देश के लोगों को जागरूक और सोचना पडे़गा कि उन्होंने किस तरह की सरकार बनाई है।

Post Comment

You May Have Missed