रजनीकांत ने कहा- विजय मुझसे 25 साल जूनियर, मैं उनसे नहीं जलता, स्टालिन पुराने दोस्त
चेन्नई: तमिल सुपरस्टार रजनीकांत ने रविवार (17 मई) को कहा कि चुनाव नतीजों के बाद स्टालिन से उनकी मुलाकात राजनीतिक नहीं, बल्कि दोस्ती की वजह से थी। उन्होंने विजय से जलने की बातों को भी खारिज किया। रजनीकांत ने कहा, ‘यह सही है कि मैं चुनाव नतीजों के बाद पूर्व सीएम स्टालिन से मिला था, लेकिन मैं राजनीति के लिए किसी भी स्तर तक गिरने वाला व्यक्ति नहीं हूं। स्टालिन पिछले 30 साल से मेरे दोस्त हैं। हमारी दोस्ती राजनीति से परे है।’
विजय को लेकर चल रही चर्चाओं पर रजनीकांत ने कहा, ‘कुछ लोग कह रहे हैं कि मैं विजय से जलता हूं, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। वह मुझसे 25 साल जूनियर हैं।‘ रजनीकांत ने यह भी कहा कि अगर उन्होंने 2021 का तमिलनाडु विधानसभा चुनाव लड़ा होता, तो वे जीत जाते।
4 मई को स्टालिन के घर गए थे रजनीकांत
दरअसल, 4 मई को तमिलनाडु चुनाव नतीजों के बाद रजनीकांत ने डीएमके नेता स्टालिन के घर जाकर उनसे मुलाकात की थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने आरोप लगाए थे कि वे नहीं चाहते कि अभिनेता विजय मुख्यमंत्री बनें।
मीडिया को संबोधित करते हुए रजनीकांत ने कहा कि हमने DMK और AIADMK के 60 साल देखे हैं। शायद एक बदलाव की जरूरत थी। मैं विजय के खिलाफ नहीं हूं। राजनीति बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। हमें उन्हें कम से कम दो साल का समय देना चाहिए।
सीएम पद की शपथ लेने के बाद विजय के 4 बड़े फैसले
200 यूनिट फ्री बिजली
जो घरेलू उपभोक्ता हर दो महीने में 500 यूनिट तक बिजली खर्च करते हैं। उन्हें 200 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी। विजय की पार्टी TVK ने अपने चुनावी वादों में इसे शामिल किया था। इससे करीब 2.4 करोड़ घरेलू बिजली कनेक्शन वालों को फायदा होगा।
हर जिले में एंटी-ड्रग टास्क फोर्स
तमिलनाडु के हर जिले में करीब 65 एंटी-ड्रग टास्क फोर्स (ANTF) बनाकर नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री और इस्तेमाल पर सख्त कार्रवाई होगी। इसकी निगरानी सीधे सीएम विजय करेंगे।
महिलाओं के लिए स्पेशल टास्क फोर्स
‘सिंगप्पेन स्पेशल टास्क फोर्स’ नाम से महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक स्पेशल यूनिट बनेगी। इसका काम महिला अपराध रोकना, रैपिड एक्शन और शिकायतों का जल्दी निपटारा करना है। ये TVK का चुनावी वादा था। पिछले साल की एक स्टडी के मुताबिक, 2019 से 2024 तक तमिलनाडु में महिलाओं के खिलाफ 40% अपराध के मामले बढ़े हैं।
717 शराब की दुकानें बंद होंगी
शैक्षिक संस्थानों, बस स्टैंड और धार्मिक स्थलों के 500 मीटर के दायरे में आने वाली 717 सरकारी शराब की दुकानें बंद होंगी। कुल 4,765 सरकारी शराब की दुकानों में से 276 धार्मिक स्थलों, 186 शैक्षणिक संस्थानों और 255 बस स्टैंड के पास हैं।



Post Comment