गोरखपुर में सीएम योगी ने किया BJP के जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ, कहा- ये दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया। सहजनवा विधानसभा क्षेत्र के एक रिजार्ट में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। बीजेपी ने स्थापना काल से लेकर अब तक 50 वर्ष से भी कम समय में देश में केंद्र के साथ 22 राज्यों में अपने दम पर सरकार बनाई है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भाजपा देश ही नहीं दुनिया का एकमात्र ऐसा दल है, जिसने हमेशा इस बात की घोषणा मजबूती के साथ की है कि राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय और व्यक्ति का हित अंतिम। इससे पहले सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में 150 लोगों की समस्या सुनी।
सुशासन और जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता…
मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी ने आज @GorakhnathMndr परिसर में आयोजित "जनता दर्शन" में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और सभी के प्रभावी एवं समयबद्ध निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।… pic.twitter.com/NUReut5i8L
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) May 17, 2026
भाजपा ने 50 साल से कम में 22 राज्यों में सरकार बनाई
सीएम योगी ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा ने स्थापना काल से लेकर अब तक 50 वर्ष से भी कम समय में देश में केंद्र के साथ 22 राज्यों में अपने दम पर सरकार बनाई है। भाजपा देश ही नहीं दुनिया का एकमात्र ऐसा दल है, जिसने हमेशा इस बात की घोषणा मजबूती के साथ की है कि राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय और व्यक्ति का हित अंतिम।
राष्ट्र प्रथम के उस भाव के साथ जो भाजपा के संस्थापकों ने एक संस्कार कार्यकर्ताओं को दिया, आज उसी का परिणाम है कि जब राजनीति में मूल्यों और आदर्शाों की बात होती है, जब राजनीति में राष्ट्रवाद की बात होती है तो दुनिया में जहां कहीं भी भारतवंशी रहता है। उसके सामने जो चेहरा दिखता है वह भाजपा का चेहरा है ओर कोई निशान दिखता है तो वह कमल के फूल का है।
कांग्रेस ने शुरू से ही तुष्टिकरण की राजनीति की
सीएम ने कहा कि 26 नवंबर, 1949 को भारत का संविधान निर्मित हुआ और 26 जनवरी, 1950 को इसे अंगीकार किया। भारत ने शासन की जिस व्यवस्था को लागू किया, वह संसदीय प्रणाली है। जिसमें जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि शासन का संचालन करेंगे। अभी पहला आम चुनाव नहीं हुआ लेकिन कांग्रेस नेतृत्व ने तुष्टीकरण को भारत की राजनीति का हिस्सा बनाना शुरू किया। कांग्रेस ने उसकी आड़ में तुष्टिकरण का खेल करना शुरू किया।
उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण को देखते हुए आरएसएस को लगा कि हमें ऐसा कोई दल जरूर गठित करना चाहिए जो देश में मूल्यों के लिए, आदर्शों के लिए, राष्ट्रीयता के लिए प्रभावी कार्ययोजना बना सके। उस समय केंद्र में मंत्री के रूप में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में मनोनित किया गया। यह जिम्मेदारी दी गई कि तुष्टिकरण एवं कांग्रेस की किसी भी साजिश के खिलाफ शंखनाद करें। पहले आम चुनाव में और उसके बाद जब कांग्रेस सरकार ने देश के साथ विश्वासघात किया, कश्मीर में धारा 370 लागू कर दिया, परमिट सिस्टम लागू किया तो उसके खिलाफ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आवाज उठायी।
जनसंघ और भाजपा के नेताओं ने जो सोचा, PM मोदी उसे साकार कर रहे
सीएम योगी ने कहा कि जनसंघ व भाजपा के जो नेताओं ने सोचा था, नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 11 सालों में वह साकार हुआ है। कश्मीर में धारा 370 समाप्त हो चुका है। अब जो शेष भारत में जो व्यवस्था लागू होती है, वही जम्मू कश्मीर में भी लागू होती है। यह सच्ची श्रद्धा का भाव है। परिवारवाद, क्षेत्रवाद व जातिवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद मजबूत होना चाहिए।
भाजपा में परिवारवाद नहीं
उन्होंने कहा, भाजपा में एक कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री बन सकता है। यह इसलिए है कि यहां परिवारवाद नहीं है। भाजपा सरकार ने दीन दयाल उपाध्याय के सपनों को भी साकार किया है। अंतिम पायदान पर बैठे लोगों तक योजना का लाभ पहुंच रहा है। शौचालय, आवास, स्वास्थ्य की सुविधा इसका उदाहरण है।
महिलाओं को स्वाभिमान से जीने का अधिकार भाजपा ने दिया
मुख्यमंत्री ने कहा, जब भाजपा ने 1986 में और उसके बाद यह तय किया था कि देश में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की स्थापना के लिए अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण को समर्थन देते हैं। आज डबल इंजन की सरकार में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है। भारत ने दुनिया में आशा का दीप जलाया है।
उन्होंने कहा, महिलाओं को स्वाभिमान से जीने का अधिकार भाजपा ने दिया है। तीन तलाक की कुप्रथा पर रोक लगाकर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए संसद व विधानसभाओं में एक तिहाई आरक्षण का प्रविधान प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुआ है।
कार्यकर्ता संगठन के मूल्यों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें
सूबे के मुखिया ने कहा, भाजपा के हर कार्यकर्ता को अपनी इस छवि को, जो लीक से हटकर है। यदि भाजपा का कार्यकर्ता भी कांग्रेस, सपा, बसपा, आरजेडी, टीएमसी, डीएमके की तर्ज पर आचरण करने लग जाएगा तो समाज कभी सम्मान नहीं देगा। इसलिए उससे अलग हटकर भारत और भारतीयता को सम्मान देते हुए कार्य करना होगा।
हमारे संगठन के मूल्यों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें। साथ ही बेहतर समन्वय के साथ भाजपा परिवार को सशक्त और समृद्धशाली बनाने के लिए काम करना होगा। संगठन की संरचना होती है। बूथ पर शक्तिशाली संरचना पर काम करना होगा। हमारा केंद्र बिन्दु हमारा बूथ होना चाहिए।
भाजपा के 2 दिन के प्रशिक्षण शिविर में 296 लोग होंगे शामिल
गोरखपुर में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 17 व 18 मई को आयोजित होगा। तेनुआ टोल प्लाजा के पास स्थित रिसॉर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला भाजपा के सभी मंडल अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी, जिला पदाधिकारी एवं विधायक शामिल होंगे। विशेषज्ञ की ओर से प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले दिन 6 सत्रों का प्रशिक्षण होगा। इस प्रशिक्षण वर्ग में लगभग 296 लोगों को शामिल होना है। लगभग 250 लोग पंजीकरण करा चुके हैं। यह प्रशिक्षण 11 सत्रों में संचालित होगा।



Post Comment