त्रिवेंद्रम-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के दो कोच में लगी आग, 15 मिनट में बाहर निकाले गए 68 यात्री
कोटा: कोटा मंडल में रविवार सुबह त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोच में आग लग गई। हादसा कोटा मंडल के लूणी रीछा-विक्रमगढ़ आलोट (मध्य प्रदेश) स्टेशन के बीच हुआ। आग ट्रेन के कोच नंबर B-1 और उसके पीछे लगे सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन में लगी थी। हादसे की जानकारी के बाद कोटा जंक्शन पर हूटर बजने लगे। राहत और बचाव टीम मौके के लिए रवाना हुई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि कोच में 68 यात्री सवार थे। फिलहाल, कोई जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने की सूचना गार्ड ने सबसे पहले लोको पायलट को दी थी। इसके बाद ट्रेन को रुकवाया गया और पैसेंजर्स को बाहर निकाला। करीब 15 मिनट में पूरा कोच खाली कराया गया। कुछ मिनटों में ही आग पूरे कोच में फैल गई थी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
कोटा पहुंचने से पहले हादसा
त्रिवेंद्रम राजधानी रविवार सुबह करीब 3.45 बजे मध्य प्रदेश के रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी। इसका अगला स्टॉप सुबह 8.45 बजे कोटा जंक्शन था। राजस्थान में एंट्री से पहले विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के पास एसी कोच में आग लग गई। कुछ मिनटों बाद आगे पीछे के लगेज कोच तक पहुंच गई। यहां रखा पैसेंजर्स का सामान आग में जल गया। इस कोच में कोई यात्री नहीं था।
हादसे के बाद से दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रैफिक को रोका गया है। वहीं, ट्रेन का बिजली कनेक्शन काट दिया गया है। कोच को भी ट्रेन से काटकर अलग किया गया। करीब दो घंटे बाद कोच में लगी आग बुझा ली गई। पैसेंजरों को दूसरे कोच में शिफ्ट किया गया। ट्रेन को करीब 4 घंटे बाद सुबह 9 बजे कोटा के लिए रवाना किया गया। कोटा में ट्रेन में एक्स्ट्रा कोच लगाया जाएगा। जिसमें हादसे वाले कोच के पैसेंजर्स को शिफ्ट किया जाएगा।
पैसेंजर के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद कई सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। जल्द से जल्द रूट नॉर्मल करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि हादसे के कारण दोनों ओर की 5 से 6 ट्रेनों के शेड्यूल पर असर हुआ है। ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशन पर रोका गया था। जैन ने बताया कि पैसेंजर्स के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए है, जहां से वे ट्रेनों की टाइमिंग को लेकर जानकारी ले सकते हैं।



Post Comment