केरलम में वीडी सतीशन बनेंगे मुख्यमंत्री, चुनाव नतीजे घोषित होने के 10 दिन बाद कांग्रेस ने किया ऐलान
नई दिल्ली: केरलम में कांग्रेस नेता वी डी सतीशन (61) अगले मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस ने राज्य के चुनाव नतीजे घोषित होने के 10 दिन बाद इसकी घोषणा की है। सतीशन पारावूर सीट से विधायक हैं। दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की एक हाई-लेवल बैठक हुई, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस बैठक के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि 14 मई को सीएम के नाम का ऐलान किया।
केरलम सीएम पद के लिए वी डी सतीशन के अलावा केरलम की अलाप्पुझा सीट से लोकसभा सांसद केसी वेणुगोपाल का नाम भी रेस में था। सीएम पद के लिए वेणुगोपाल राहुल गांधी की पहली पसंद कहे जा रहे थे। राहुल ने 11 मई को दिल्ली में वेणुगोपाल से अकेले में मुलाकात भी की थी।
वी डी सतीशन के बारे में
कोच्चि के पास नेत्तूर में जन्मे वीडी सतीशन का परिवार लंबे समय से कांग्रेस से जुड़ा है। वकील और सामाजिक कार्यकर्ता के बाद सतीशन ने केरल छात्र संघ के जरिए राजनीति में कदम रखा और कांग्रेस में अपनी पैठ मजबूत की। प्रखर प्रवक्ता और सड़क पर जुझारू राजनीति करने वाले सतीशन 2001 से परवूर विधानसभा सीट से विधायक हैं।
वीडी सतीशन केरल विधानसभा में नेता विपक्ष थे। केरल में भले ही कांग्रेस की अगुवाई वाली यूडीएफ ने किसी चेहरे पर चुनाव नहीं लड़ा गया हो, लेकिन पिछले 5 सालों में लेफ्ट फ्रंट के खिलाफ तमाम मुद्दों पर उन्होंने सड़क पर आंदोलनों की अगुवाई की है। उन्होंने एलडीएफ के खिलाफ जनता के खिलाफ नाराजगी को भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
पिनारयी विजयन के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी के तौर पर सामने आए सतीशन
सतीशन ने केरल विधानसभा चुनाव में खुद को पिनारयी विजयन के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी के तौर पर पेश किया था। सतीशन समर्थकों का तर्क था कि इतने बड़े जनादेश के बाद उन्हें मुख्यमंत्री पद से वंचित करना जमीनी कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराने वाला हो सकता है। सतीशन केरल के मध्यम वर्ग, सिविल सोसायटी और युवा कांग्रेस समर्थकों में काफी सक्रिय हैं। गुटबाजी से दूर उन्होंने पार्टी को एक मंच पर लाने और एलडीएफ को 10 साल बाद सत्ता से हटाने में अहम भूमिका निभाई है।



Post Comment