बरेली में युवक का अपहरण कर फिरौती मांगने वाला गिरफ्तार, तीन आरोपी फरार

बरेली में युवक का अपहरण कर फिरौती मांगने वाला गिरफ्तार, तीन आरोपी फरार

बरेली: जिले में इज्जतनगर पुलिस ने फन सिटी के सामने से युवक का अपहरण करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अपहरण में इस्तेमाल क्रेटा कार, दो मोबाइल फोन और पीड़ित के हाथ बांधने में इस्तेमाल टी-शर्ट बरामद की है। वहीं, तीन आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

पुलिस गिरफ्त में आए उमाशंकर ने पूछताछ में बताया कि वह अपने भतीजों और दोस्तों के साथ नवाबगंज से बरेली आ रहा था। पीलीभीत बाईपास पर बाइक सवार अभिषेक और उसके दोस्तों से गाली देने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अभिषेक को जबरन क्रेटा कार में खींच लिया।

अभिषेक के फोन से मांगी 1 लाख की फिरौती

कार में बैठाने के बाद आरोपी विमल ने कहा कि अब जब इसे पकड़ ही लिया है तो इससे पैसे वसूल लेते हैं। इसके बाद आरोपियों ने अभिषेक की ही टी-शर्ट से उसके हाथ पीछे बांध दिए। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने अपने मोबाइल का इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने अभिषेक के फोन से ही उसके परिजनों और दोस्तों को कॉल किया। आरोपियों ने एक्सीडेंट होने का बहाना बनाकर उसे छोड़ने के बदले एक लाख रुपये की मांग की।

आरोपी विमल ने एक क्यूआर कोड भेजा, जिस पर अभिषेक के दोस्त ने पहले टेस्ट के तौर पर एक रुपया और फिर 1000 रुपये ट्रांसफर किए। पूरी रात आरोपी अभिषेक को कार में लेकर शहर की सड़कों पर घूमते रहे ताकि पुलिस उन्हें ट्रेस न कर सके।

पुलिस ने नहर की पटरी पर घेरा

एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर गठित पुलिस टीमें रविवार को पीलीभीत रोड पर चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान मल्लपुर चौराहे के पास एक संदिग्ध सफेद क्रेटा दिखाई दी। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी गाड़ी लेकर वैसपुर गुलड़िया की तरफ नहर की पटरी पर भागने लगे।

खुद को घिरता देख आरोपियों ने कार एक बाग में घुसा दी। इस दौरान चालक उमाशंकर पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि आकाश गंगवार, हरनेश गंगवार और विमल गंगवार जंगल के रास्ते फरार हो गए।

सकुशल बरामद हुआ युवक

इज्जतनगर इंस्पेक्टर सुरेश चन्द्र गौतम और दरोगा विकास कुमार की टीम ने अभिषेक को बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक उमाशंकर का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उन्‍होंने बताया कि वारदात में इस्तेमाल क्रेटा कार उमाशंकर ने करीब 10 दिन पहले पुरानी खरीदी थी और उसके कागजात अभी ट्रांसफर नहीं हुए थे। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

Post Comment

You May Have Missed