देश की सबसे बड़ी समस्या मोदी स्वयं हैं: Ajay Rai
Ajay Rai: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है और कहा कि मोदीजी देशवासियों से एक वर्ष के लिए सोना न खरीदने, पेट्रोल-डीजल का कम से कम उपयोग करने की अपील कर रहे हैं, क्या आज देश में कोई आर्थिक संकट या फिर कोई आपात स्थिति उत्पन्न हो गयी है? और यदि है तो ठीक दो घंटे बाद गुजरात में मोदी जी रोड शो क्यों कर रहे हैं? अजय राय ने कहा, पीएम को चाहिए कि वह अपने भाजपा नेताओं से अपील करें कि वह देश हित में दान करें, जिन्होंने सत्ता में रहते हुए जनता की गाढ़ी कमाई की लूट-घसोट की है। मोदी को स्वयं अपना काफिला कम करना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नेता को अपनी नजीर स्वयं पेश करनी होती है। वर्ष 1962 में भारत चीन विश्व युद्ध के दौरान देश गंभीर सैन्य और आर्थिक संकट का सामना कर रहा था, युद्ध के लिए धन और संसाधनों की आवश्यकता थी। इन परिस्थितियों में देश की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपने आभूषण (336 ग्रा0 सोना) राष्ट्रीय रक्षा कोष में दान कर दिया था।
अजय राय ने कहा, प्रधानमंत्री लगातार झूठ बोलकर देश की भोली-भाली जनता को गुमराह कर सच को छुपाने की कोशिश कर रहे हैं। सच्चाई यह है कि मोदी ने देश को पूरी तरीके से बर्बाद कर दिया है। राज्यों के चुनावों को किस प्रकार से जीता जाए, मोदी सिर्फ इस पर काम कर रहे हैं, बाकी देश की जनता से उन्हें कोई सरोकार नहीं है। अजय राय ने कहा कि इस देश की सबसे बड़ी समस्या मोदी स्वयं हैं। यूपी कांग्रेस चीफ ने कहा कि भाजपा ने बीते 12 सालों में देश को पूरी तरीके से बर्बाद कर दिया। गैस के दामों में बढ़ोत्तरी, खाद सामग्री के दामों में वृद्धि, विद्यालय की बढ़ती फीस आदि से इस देश का आम जनमानस पहले से ही त्रस्त था और अब पीएम की इस अपील से समाज के सर्राफा व्यापारी, ट्रेवेल्स एजेंसीज का काम करने वाले लोगों की रोजी-रोटी पर भी खतरा आ चुका है। जुमला और झूठ मोदी की पहचान बन चुके हैं।



Post Comment