Sanjay Singh: देशभक्ति के नाम पर जनता को दिया जा रहा त्याग और कटौती का उपदेश
-
जनता तेल, गैस और सोना कम इस्तेमाल करे, लेकिन भाजपा के रोड शो में कोई कमी नहीं हो
Sanjay Singh: ‘आप’ यूपी प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा, पांच राज्यों के चुनाव खत्म होते ही प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार ने जनता का “बोझ” उठाने से हाथ खड़े कर दिए हैं। संजय सिंह ने कहा कि चुनाव तक सरकार जनता को भरोसा दिलाती रही कि देश में किसी चीज की कोई कमी नहीं है, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही जनता को तेल, गैस और सोने का इस्तेमाल कम करने की सलाह दी जाने लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट को भी “देशभक्ति” से जोड़कर जनता को मानसिक रूप से दबाव में रखने का काम कर रही है, जबकि सत्ता के शीर्ष पर बैठे लोग खुद ऐशोआराम, विदेशी यात्राओं और भव्य आयोजनों में किसी प्रकार की कटौती नहीं कर रहे हैं।
संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं यह कहा कि पिछले दो महीने से सरकार जनता का बोझ उठा रही थी। उन्होंने कहा कि इसका सीधा अर्थ यह है कि जब तक पांच राज्यों के चुनाव चल रहे थे, तब तक सरकार जनता को राहत देने का दिखावा करती रही, लेकिन चुनाव खत्म होते ही अब सरकार कह रही है कि वह जनता का बोझ नहीं उठा सकती। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान मोदी सरकार दावा कर रही थी कि देश में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है, पूरा भंडार भरा हुआ है और कोई संकट नहीं है, लेकिन जैसे ही चुनाव समाप्त हुए, जनता को सलाह दी जाने लगी कि पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करो, गैस कम इस्तेमाल करो, खाने के तेल का उपयोग कम करो और यहां तक कि एक साल तक सोना भी मत खरीदो।
कटौती को देशभक्ति का नाम दिया जा रहा: संजय सिंह
संजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को यह संदेश दे रही है कि शादी हो, परिवार का कोई समारोह हो या कोई सामाजिक अवसर, लोग सोना तक न खरीदें। उन्होंने कहा कि जनता से हर प्रकार की कटौती करने को कहा जा रहा है और इसे देशभक्ति का नाम दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय यह सारा ज्ञान प्रधानमंत्री को याद नहीं आया था, क्योंकि उस समय केवल वोट लेने की चिंता थी। लेकिन चुनाव खत्म होते ही जनता पर आर्थिक बोझ डालने की शुरुआत कर दी गई। आप सांसद ने कहा कि चुनाव समाप्त होने के तुरंत बाद सरकार ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी कर दी। उन्होंने कहा कि यही सिलेंडर चाय बेचने वाले, रेहड़ी-पटरी लगाने वाले, छोटे दुकानदार और मेहनतकश लोग इस्तेमाल करते हैं। इसके साथ ही पांच किलो वाले छोटे सिलेंडर के दामों में 261 रुपये की वृद्धि कर दी गई, जिसका उपयोग छात्र, मजदूर, गरीब परिवार और झुग्गियों में रहने वाले लोग करते हैं। मोदी सरकार लगातार आम जनता पर महंगाई और आर्थिक बोझ लादने का काम कर रही है। संजय सिंह ने कहा कि अब देश की जनता को खुद यह तय करना होगा कि वह कब तक महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक बोझ और सरकार के दोहरे रवैये को चुपचाप सहन करती रहेगी।



Post Comment