लखनऊ में सुबह-सुबह शराब न देने पर सेल्समैन की हत्या, बचाने आए युवक को भी पीटा
लखनऊ: राजधानी के मलिहाबाद में शराब ठेका के सेल्समैन की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि एक शख्स ने ठेका खुलने से पहले सेल्समैन से शराब मांगी। सेल्समैन ने मना किया, तो लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उसको मार डाला। बीच-बचाव करने आए युवक को भी पीट दिया। भीड़ जुटने पर आरोपी फरार हो गया।
घटना सोमवार सुबह 8:30 बजे मलिहाबाद थाना क्षेत्र के ढे़डेमऊ गांव में हुई। मृतक की पहचान सैय्यद बाड़ा निवासी अजय जायसवाल उर्फ रिंकू (35) पुत्र रामऔतार जायसवाल के रूप में हुई। घायल युवक रज्जन का उपचार चल रहा है।
सिर में चोट लगने से हुई मौत
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान ढे़डेमऊ गांव निवासी ननक्के कश्यप के रूप में हुई है। वह शराब के ठेके के पास ही रहता है। घटना को अंजाम देकर वह फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
जांच में आया है कि आरोपी ने अजय के सिर पर लोहे की रॉड से वार किए। इससे उनका सिर फट गया। वह जमीन पर गिर गए। काफी अधिक खून बह गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है। मौके पर पुलिस बल तैनात है।
रात में अवैध रूप से 12 बजे तक बिकती है शराब
स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों पर देर रात तक अवैध रूप से शराब बेची जाती है। अवैध कैंटीन भी संचालित हो रही हैं, जहां रात करीब 12 बजे तक अवैध रूप से शराब की बिक्री होती है।
अवैध रूप से शराब बेचने वालों ने ठेके की दीवार में होल बना रखा है। उसमें से ही लोगों को अवैध रूप शराब बेचते हैं। लोगों से अधिक दाम वसूलते हैं। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। ग्रामीणों ने आबकारी विभाग और प्रशासन से इन अवैध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ठेके से 2 किलोमीटर दूर रहता था सेल्समैन
स्थानीय लोगों ने बताया कि ठेके के 4 पार्टनर हैं। अजय करीब 2 साल से ठेके पर काम करता था। ठेके से करीब 2 किलोमीटर दूरी पर उसका घर है। वह घर से ही रोज आता-जाता था। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे वह ठेके के बाहर पहुंचा था। मृतक अजय के परिवार में मां मीरा देवी, पत्नी हेमा जायसवाल, बेटियां खुशी व माही, बेटा कृष्णा और छोटा भाई अमित जायसवाल है।



Post Comment