ट्रेन में हत्या की दो दिन में दूसरी वारदात, काशी में जम्मू-तवी एक्सप्रेस में यात्री को मारी गोली

ट्रेन में हत्या की दो दिन में दूसरी वारदात, काशी में जम्मू-तवी एक्सप्रेस में यात्री को मारी गोली

वाराणसी: जिले में सोमवार को जम्मू-तवी एक्सप्रेस ट्रेन में एक यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। घटना मुगलसराय और वाराणसी रेलवे स्टेशन के बीच हुई। रेलवे पुलिस के अनुसार, यात्री बिहार का रहने वाला है। वह अपने रिश्तेदारों के साथ सीतापुर जा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

ट्रेन में हत्या की दो दिन में यह दूसरी वारदात है। इससे पहले रविवार को पैसेंजर ट्रेन में गाजीपुर के रहने वाले एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव भी बदमाशों ने रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था।

बिहार से सीतापुर के नैमिशारण्य धाम आ रहा था यात्री

बिहार के गया के पिपरिया के बारचकी क्षेत्र निवासी दिनेश शाह (42) कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस से सीतापुर के नैमिशारण्य धाम जा रहे थे। उनके साथ उनकी बहन, दो बच्चे और बहन की सास भी थी। दिनेश शाह ट्रेन के कोच एस-2 में सवार थे। जबकि, उनकी बहन और अन्य रिश्तेदार जनरल कंपार्टमेंट में यात्रा कर रहे थे।

रविवार देर रात लगभग 2 बजे ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से गुजरी। ब्लॉक हट- बी से पहले बाथरूम के पास दिनेश शाह को किसी ने गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर यात्री मौके पर पहुंचे। देखा कि दिनेश शाह का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ है। यात्रियों ने इसकी सूचना रनिंग स्टॉफ को दी। रात्रि 2.42 बजे ट्रेन वाराणसी जंक्शन पहुंची। यहां शव को नीचे उतारा गया।

रविवार को पैसेंजर ट्रेन में हुई थी हत्या

सकलडीहा के सीओ कृष्णमुरारी शर्मा ने बताया कि गाजीपुर के रहने वाले मंगरू 26 अप्रैल को कर्नाटक गए थे। वहां से 08 मई को वह ट्रेन से घर जमानियां के लिए निकले थे। वह पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से दिलदारनगर होते हुए ताड़ीघाट जा रही पैसेंजर ट्रेन में सवार थे। रविवार सुबह बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। हत्या के बाद आरोपी बैग लेकर सकलडीहा रेलवे स्टेशन से पहले ट्रेन से उतरकर फरार हो गए।

Post Comment

You May Have Missed