पेट्रोल-डीजल का उपयोग कम करें, भारत में तेल के कुएं नहीं; आज वर्क फ्रॉम होम जरूरत: PM मोदी

पेट्रोल-डीजल का उपयोग कम करें, भारत में तेल के कुएं नहीं; आज वर्क फ्रॉम होम जरूरत: PM मोदी

बेंगलुरु/हैदराबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (10 मई) को हैदराबाद में भाजपा की रैली में कहा कि आज के समय में पेट्रोल, गैस और डीजल का इस्तेमाल कम करना होगा। पड़ोस में चल रहे युद्ध के असर से दुनियाभर में पेट्रोल और डीजल के दाम कई गुना बढ़ गए हैं। भारत पर इस वैश्विक संकट का असर ज्यादा है, हमारे पास तेल के बड़े कुएं नहीं हैं। आज हमें वर्क फ्रॉम होम जैसे उपायों की जरूरत है। जिन शहरों में मेट्रो है, वहां लोग मेट्रो का इस्तेमाल करें।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले जब युद्ध होता था, लोग सोना दान में दे देते थे। आज दान की जरूरत नहीं है, लेकिन हमें आज ये संकल्प लेना होगा कि अगले 1 साल तक शादी-ब्याह में भी अगर बहुत जरूरी न हो तो सोना न खरीदें। इससे विदेशी मुद्रा भी बचेगी। उन्‍होंने कहा कि कोरोना काल में हमने वर्क फ्रॉम होम जैसी व्यवस्थाएं अपनाई और कई ऐसी प्रणालियां विकसित कीं। देश हित में आवश्यक है कि हम इन प्रक्रियाओं को फिर से शुरू करें।

देशहित में एकजुट होकर जिम्मेदारी निभानी होगी

पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया संघर्ष के असर का जिक्र करते हुए कहा कि जब सप्लाई चेन लगातार संकट में रहती है, तब कितने भी उपाय कर लें, मुश्किलें बढ़ती ही जाती हैं। इसलिए अब हमें देश और भारत माता को सर्वोपरि रखते हुए एकजुट होकर मुकाबला करना होगा।

उन्होंने कहा कि देशभक्ति सिर्फ देश के लिए मरना नहीं है। देश के लिए जीना और अपने कर्तव्यों को निभाना भी देशभक्ति है।

जनता अब वंशवाद नहीं, विश्वासवाद चुन रही

नरेंद्र मोदी ने सिकंदराबाद की जनसभा में कहा क‍ि असम से ओडिशा और बंगाल से पुडुचेरी तक BJP का विस्तार सिर्फ चुनावी जीत नहीं, बल्कि देश की राजनीतिक सोच में आए बदलाव का संकेत है। जनता अब वंशवाद और परिवारवाद नहीं, विश्वासवाद चुन रही है।

उन्होंने कहा कि 10 साल पहले असम में BJP के कुछ ही विधायक थे, लेकिन आज वहां तीसरी बार BJP-NDA सरकार बनी है। 10 साल पहले बंगाल में BJP के सिर्फ 3 विधायक थे, आज पार्टी 200 के पार पहुंच चुकी है। जहां कभी BJP का झंडा उठाने वाला कोई नहीं था, वहां आज BJP की सरकारें बन रही हैं।

पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए मेट्रो और कार पूलिंग अपनाएं

पीएम ने कहा कि देशहित में जरूरत पड़ने पर फिर से वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा संकट में विदेशी मुद्रा बचाने पर विशेष जोर देना होगा। दुनिया में पेट्रोल-डीजल और फर्टिलाइजर की कीमतें बहुत बढ़ चुकी हैं, लेकिन हमारी सरकार पिछले दो महीनों से इसका बोझ खुद उठा रही है।

प्रधानमंत्री ने लोगों से पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन शहरों में मेट्रो सुविधा है, वहां लोग मेट्रो का ज्यादा इस्तेमाल करें। साथ ही कार पूलिंग अपनाकर ज्यादा लोगों के साथ यात्रा करें, ताकि ईंधन की खपत और विदेशी मुद्रा पर खर्च कम हो सके।

हैदराबाद में मोदी के स्पीच की 3 बड़ी बातें

  • आज के समय में पेट्रोल, गैस और डीजल का बड़े संयम के साथ इस्तेमाल किया जाना चाहिए। हमें इंपोर्टेड पेट्रोलियम उत्पादों का इस्तेमाल केवल आवश्यकता के अनुसार करना चाहिए।
  • कोरोना काल में देश ने वर्क फ्रॉम होम की जो व्यवस्था विकसित की। आज समय की मांग ऐसी है कि अगर हम इन व्यवस्थाओं को फिर से शुरू करें तो यह देश के हित में होगा।
  • 75 साल बाद असम में भाजपा सरकार ने हैट्रिक हासिल कर ली है। पुडुचेरी में भी भाजपा-एनडीए सरकार फिर से सत्ता में लौट आई है। इस जीत के बाद मैं तेलंगाना के लोगों की भावनाओं को भी देख रहा हूं।

बेंगलुरु में पीएम के स्पीच की 3 बड़ी बातें

  • कांग्रेस पार्टी सिर्फ धोखा देना जानती है। कांग्रेस खुद झूठ बोलती है और उसकी गारंटियां भी झूठी होती हैं। कर्नाटक में पिछले तीन साल से यही स्थिति देखने को मिल रही है।
  • कांग्रेस और DMK के बीच पिछले 25-30 साल से करीबी संबंध रहे हैं। लेकिन जैसे ही सत्ता का समीकरण बदला, कांग्रेस ने पहले ही मौके पर DMK की पीठ में छुरा घोंप दिया।
  • 40 साल पहले 400 से ज्यादा सीटें जीतने वाली पार्टी पिछले तीन चुनावों में मिलकर भी 100 सीटों का आंकड़ा पार नहीं कर पाई। इसके बाद भी कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अपनी हार के लिए पूरी दुनिया को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

Post Comment

You May Have Missed