Lucknow: कचहरी रोड से 12 मई को हटेगा अतिक्रमण,जानिए क्या है मामला?

Lucknow: कचहरी रोड से 12 मई को हटेगा अतिक्रमण,जानिए क्या है मामला?

Lucknow: कैसरबाग कचहरी रोड के आसपास किए गए कब्जों को हटाने के लिए नगर निगम ने अब 12 मई की तारीख तय की है। हाईकोर्ट के आदेश पर 23 अप्रैल को अतिक्रमण को हटाया जाना था, लेकिन पुलिस बल उपलब्ध न होने के कारण नगर निगम ने कार्रवाई को टाल दिया था। अभी तक कोई कार्रवाई न होने पर कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिया था कि अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम को पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया जाए। कोर्ट ने 25 मई को कार्रवाई से जुड़ी रिपोर्ट भी तलब की है।

72 कब्जेदारों के यहां नोटिस की थी चस्पा

कचहरी रोड पर कई वकीलों ने कब्जा करके चैंबर बना रखें हैं। साथ ही कई अवैध दुकानें भी हैं। नगर निगम ने कोर्ट के आदेश पर छह अप्रैल को 72 कब्जेदारों के यहां नोटिस चस्पा की थी। कई कब्जे तो नाले के ऊपर पाए गए हैं। यहां तीस से अधिक वकीलों के चैंबर हैं। अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम ने 12 मई की तारीख तय करते हुए जिलाधिकारी, संयुक्त पुलिस आयुक्त को भी इसकी जानकारी पत्र के माध्यम से दी है।

वकील और उनकी मां की याचिका पर दिया था कोर्ट ने आदेश

अवैध कब्जों से फैल रही अराजकता के खिलाफ महिला वकील और उनकी मां ने आवाज उठाई थी। उनकी याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने 24 मार्च को कैसरबाग स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय (पुराना हाईकोर्ट परिसर) के आसपास से अवैध कब्जों को हटाने का आदेश दिया था। कोर्ट ने अतिक्रमण हटाए जाने की कार्रवाई की रिपोर्ट सात अप्रैल को नगर निगम को देने को कहा था, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर कोर्ट ने नाराजगी जताई थी।

Post Comment

You May Have Missed