Lucknow: डिप्टी सीएम की अपील- हर प्रदेशवासी जनगणना में करे सहभागिता, दे सही जानकारी
-
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनगणना-2027 के प्रथम चरण में भरा डिजिटल स्वगणना फार्म
Lucknow: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत डिजिटल माध्यम से स्वगणना फार्म भरकर प्रदेशवासियों से जनगणना में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की। उप मुख्यमंत्री ने ‘हमारी जनगणना-हमारा विकास’ के संकल्प के साथ प्रदेश में सात मई से प्रारम्भ हुए मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य के तहत स्वयं डिजिटल फार्म भरते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक सही एवं प्रमाणिक जानकारी देकर इस महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में योगदान दे। उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना के साथ जातीय जनगणना भी कराई जाएगी। प्रथम चरण में भवनों एवं मकानों की गणना की जाएगी, जबकि द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति की गणना संपादित होगी। आमजन को 21 मई 2026 तक स्वगणना का विकल्प उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से नागरिक स्वयं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
इसके पश्चात जनगणना कार्मिक घर-घर जाकर सूचीकरण का कार्य करेंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सही जनगणना ही सर्वागींण एवं सुनियोजित विकास का मजबूत आधार है। डिप्टी सीएम ने कहा कि जनगणना से प्राप्त सटीक आंकड़ों के आधार पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरणें पहुंचाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री की मंशा समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान, अवसर और सहभागिता प्रदान करना है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश में पहली बार डिजिटल जनगणना कराई जा रही है। डिजिटल तकनीक के उपयोग से जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और त्वरित बनाया गया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से जनगणना में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।



Post Comment