यूपी के 28 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कल से पड़ सकती है भीषण गर्मी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सात दिन से जारी आंधी, तूफान और बारिश का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह जालौन में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। काले बादल छाने की वजह से अंधेरा छा गया। लखनऊ, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद सहित अधिकतर शहरों में मौसम साफ है। तेज धूप निकली है और हवा में नमी के कारण मौसम ठंडा है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ तापमान बढ़ेगा। गर्मी अपने तेवर दिखाएगी।
आज 28 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट है। कुछ इलाकों में बिजली गिर सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 30 अप्रैल से बारिश हो रही है। इससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। अधिकतम तापमान में 10°C तक गिर गया है। 28 अप्रैल को सबसे ज्यादा 47.6°C तापमान बांदा में रिकॉर्ड किया गया था, जो 7 मई को गिरकर 38°C तक लुढ़क गया है।
बाराबंकी में फिसलन के कारण टकराईं गाड़ियां
इससे पहले गुरुवार को लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी समेत 15 जिलों में बारिश हुई। महोबा में आंधे घंटे की बारिश के साथ ओले भी गिरे। बिजनौर में सड़क पर CCTV के लिए लगाया गया टावर गिर गया। बाराबंकी में हाईवे पर फिसलन की वजह से दो डबल डेकर बसों समेत कई गाड़ियां टकरा गईं। एक व्यक्ति की मौत हो गई। यूपी में सबसे अधिक 27 मिमी. बारिश बुंदेलखंड के जालौन में हुई।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ने लगा है। आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में छिटपुट बारिश हो सकती है। आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। कल से गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। पारा फिर से बढ़ने लगेगा। हालांकि, फिलहाल लू से राहत बरकरार रहेगी।
शहरों का हाल जानिए
- लखनऊ: सुबह से मौसम साफ है। हल्के बादल छाए हैं। बारिश के आसार नहीं हैं। अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम तापमान 23°C रहने की संभावना है। 30 से 40 किमी./घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
- गाजियाबाद: सुबह से धूप खिली है। मौसम साफ रहने का अनुमान है। सुबह के वक्त न्यूनतम तापमान 24°C दर्ज किया गया। 12 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा चल रही है। दिन का तापमान 35°C तक जा सकता है।
- गोरखपुर: मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। बीच-बीच में हल्की धूप भी निकल रही है। 40-45 की रफ्तार से चल रही हवाएं गर्मी से राहत दिलाए हुए हैं।
- आगरा: सुबह से बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। 16km/h की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।
मौसम में उतार-चढ़ाव क्यों?
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड के पहाड़ों पर मौसम लगातार बदल रहा है। बर्फबारी हो रही है। अगले 2 से 3 दिन भी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है। इसका सीधा असर यूपी में दिख रहा है। पहाड़ों से आने वाली हवाएं मौसम को ठंडा बनाए हुए हैं। बारिश के अनुकूल सिस्टम तैयार कर रही हैं।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
लखीमपुर-खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीरनगर, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, आगरा, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र और आसपास के इलाके।
नोट– 60 किमी/घंटे की स्पीड से हवाएं चलेंगी। ओले और बिजली गिर सकती है।



Post Comment