निर्माणाधीन परियोजनाओं को 20 नवम्बर तक हरहाल में पूरा किया जाए: Jaiveer Singh
-
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की समीक्षा में विभागीय मंत्री ने दिए जरूरी दिशा-निर्देश
Jaiveer Singh: यूपी के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिये हैं कि स्वीकृत परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया पूरा करते हुए 20 मई 2026 तक स्वीकृत पत्र जारी करें। इसके अलावा चुनावी वर्ष को देखते हुए निर्माणाधीन परियोजनाओं को 20 नवम्बर 2026 तक हरहाल में पूरा करें। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि गुमराह करने की आदत छोड़े तथा अपनी जिम्मेदारी को निष्ठापूर्वक निभाते हुए गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करें। उन्होंने यह भी कहा कि नवम्बर तक परिणाम धरातल पर दिखना चाहिए। समीक्षा के दौरान कुछ जनपदों से निर्माण कार्य संबंधी प्रगति की गलत जानकारी देने पर मंत्री ने गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि काम में तेजी लाई जाए और समय-समय पर मुख्यालय से अधिकारियों की टीम फोटोग्राफर सहित स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करेगी। यह टीम मौके पर जाकर कार्य की प्रगति का भौतिक सत्यापन करेगी और गुणवत्ता, प्रभावी समीक्षा एवं समन्वय करके परियोजनाओं को गति प्रदान करेगी।
पत्राचार का खेल न खेलें विभागीय अधिकारी: जयवीर सिंह
उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी पत्राचार-पत्राचार का खेल न खेलें। जमीन पर उनकी बदली कार्यशैली का परिणाम दिखाई देना चाहिए। पर्यटन मंत्री ने यह भी कहा कि महत्वाकांक्षी एवं वृहद परियोजनाओं को समय से पूरा करना सुनिश्चित करें। परियोजनाओं में विलम्ब होने पर संबंधित कार्यदायी संस्था तथा अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि कोई भी समस्या हो, उसका बैठकर समाधान निकाला जाए। इसके अलावा उन्होंने वर्ष 2017 से अब तक दोनों विभागों द्वारा कराये गये कार्य, लागत, स्वीकृत तथा व्यय धनराशि योजनाआंे की प्रगति आदि की एक रिपोर्ट जनपदवार तैयार करने के निर्देश दिए। पर्यटन मंत्री ने भुगतान पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। भुगतान में विलम्ब होने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने उलझाने की जगह सुलझाने की सोच और मानसिकता से कार्य करने के निर्देश दिए। भुगतान के लिए एक समय निर्धारित की जाए और भुगतान समय से सुनिश्चित करें।



Post Comment