गाजियाबाद में गिरे ओले, गाजीपुर में गोदाम में रखा 100 क्विंटल गेहूं भीगा; 45 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बुधवार सुबह से मौसम साफ है और धूप खिली है। हल्की ठंडी हवाएं गर्मी से राहत दिला रही हैं। इससे पहले देर रात गाजियाबाद में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। नोएडा, प्रयागराज और मिर्जापुर में बारिश हुई। गाजीपुर में गोदाम में रखा 100 क्विंटल गेहूं भीग गया।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से यूपी में मौसम बदल गया है। पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 40°C से नीचे आ गया है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। आज 45 जिलों में बारिश का अलर्ट है। कहीं-कहीं 60 किमी. की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है।
24 घंटे में 45 जिलों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटे की बात करें तो लखनऊ-आगरा समेत 45 शहरों में जोरदार बारिश हुई। हमीरपुर- चित्रकूट में 70kmph से तूफान आया। कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए। हमीरपुर में खेत से लौट रही महिला पर टीन शेड गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। दीवार ढहने से कार-बाइक चकनाचूर हो गईं। बाराबंकी में सबसे अधिक 72 मिमी. बारिश दर्ज की गई। सिद्धार्थनगर में 66 मिमी, अंबेडकर नगर में 42 मिमी और गोरखपुर में 41.4 मिमी वर्षा हुई।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि उत्तर भारत के ऊपर सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से बादल बन रहे हैं। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाएं और पश्चिम से आने वाली सूखी हवाएं आपस में टकराकर वातावरण को अस्थिर बना रही हैं। मई महीने में यह स्थिति आम होती है। फिलहाल10 मई तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
इन जिलों में आज बारिश का अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, बिजनौर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, कौशाम्बी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, गाजीपुर, मऊ, बलिया, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर और अलीगढ़ के आसपास।
- अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम?
- 7 मई: पूरे प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। ओले गिरने की भी संभावना है।
- 8 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा। पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। आंधी चलेगी।
- 9 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा। पूर्वी यूपी में बारिश की संभावना बन रही है। तेज हवाएं चलेंगीं।



Post Comment