यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का हाल-चाल जानने मेदांता पहुंचे मुस्लिम धर्मगुरु
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय राजधानी के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। सोमवार को उनका हाल-चाल जानने शाही इमाम ईदगाह, मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली, शिया मरकज़ी चांद कमेटी के अध्यक्ष और प्रमुख शिया धर्मगुरु मौलाना सैयद सैफ अब्बास नकवी और ‘ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड’ के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास पहुंचे। सभी ने उनके जल्द ठीक होने के लिए खुदा से दुआ की। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री मुईद अहमद, निवर्तमान प्रदेश महासचिव मुकेश सिंह चौहान, अरशद आज़मी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रेम, भाईचारे और समावेशी राजनीति की पक्षधर है, और समाज के सम्मानित स्तंभों का यह समर्थन हमारे संघर्ष को नई ऊर्जा देता है। समाज के प्रबुद्ध जनों का यह प्रेम और अपनत्व कांग्रेस की समावेशी और भाईचारे वाली राजनीति की शक्ति है। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की उस अटूट परंपरा का प्रतीक है, जिसे संजोने के लिए कांग्रेस सदैव प्रतिबद्ध रही है।



Post Comment