चेन्नई में चलती फ्लाइट का इमरजेंसी गेट खोलकर कूदा यात्री, पायलट ने तुरंत रोका; आरोपी गिरफ्तार
चेन्नई: चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक बड़ी खबर सामने आई। यहां रविवार सुबह लैंडिंग के दौरान एयर अरेबिया की चलती फ्लाइट में एक यात्री इमरजेंसी गेट खोलकर नीचे कूद गया। यह फ्लाइट शारजाह से चेन्नई पहुंची थी और इसमें 231 यात्री सवार थे। घटना सुबह करीब 3:23 बजे हुई। एयरबस A320 मॉडल की फ्लाइट G9 471 रनवे से टर्मिनल की ओर बढ़ रही थी।
घटना के बाद पायलट ने तुरंत विमान को रोक दिया और एयरपोर्ट अधिकारियों को सूचना दी। घटना के बाद यात्री एयरपोर्ट के कमर्शियल एरिया की ओर भागने लगा, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया। कूदने के दौरान यात्री घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए ले जाया गया। आरोपी की पहचान 29 साल के मोहम्मद शरीफ मोहम्मद नजमुद्दीन के रूप में हुई है।
कई फ्लाइट्स में देरी हुई, एक को डायवर्ट करना पड़ा
एक अधिकारी के मुताबिक, घटना के बाद मुख्य रनवे (07/25) को 3:25 बजे सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया। रनवे ऑपरेशन करीब 4:35 बजे फिर से शुरू कर दिए गए। इस दौरान कई फ्लाइट्स में देरी हुई। लंदन से आने वाली ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA0035 को बेंगलुरु डायवर्ट किया गया। मुख्य रनवे बंद होने के दौरान कुछ ऑपरेशन सेकेंडरी रनवे (12/30) से चलाए गए।
आरोपी तमिलनाडु के पुडुकोट्टई का रहने वाला है। फिलहाल, उससे पूछताछ की जा रही है और उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है। कुछ मीडिया रिपोर्टस में दावा किया गया कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।



Post Comment