लखनऊ-अयोध्या समेत चार जिलों में आंधी-बारिश, 26 में अलर्ट; पांच दिन बिगड़ा रहेगा मौसम

लखनऊ-अयोध्या समेत चार जिलों में आंधी-बारिश, 26 में अलर्ट; पांच दिन बिगड़ा रहेगा मौसम

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश के लखनऊ, अयोध्या, आजमगढ़ और अंबेडकरनगर में रविवार तड़के आंधी के साथ बारिश हुई और बिजली भी कड़की। कानपुर सहित अधिकतर जिलों में बादल छाए हैं। बीच-बीच में धूप निकल रही है। ठंडी हवाओं की वजह से गर्मी से राहत है। मौसम विभाग ने आज 26 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 40 किमी. की रफ्तार से हवाओं के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है। पश्चिमी यूपी में ओले भी गिर सकते हैं।

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में बारिश से मौसम बदल गया है। तापमान में गिरावट और हवा में ठंड महसूस की जा रही है। आज से नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंट) एक्टिव हुआ है। इसके चलते आंधी-बारिश होगी। अगले 5 दिनों तक मौसम बिगड़ा ही रहेगा। तापमान में 4-5°C की गिरावट देखने को मिलेगी।

झांसी समेत पांच जिलों में चली आंधी

पिछले 24 घंटे की बात करें तो ललितपुर और कुशीनगर में बारिश हुई। झांसी सहित पांच जिलों में आंधी चली। 43.6 डिग्री के साथ जालौन सबसे गर्म शहर रहा। 5 दिन में पारा 4°C तक लुढ़क गया है। 27 अप्रैल को बांदा में पारा 47.6°C पहुंच गया था। न्यूनतम तापमान की बात करें तो बिजनौर में पारा सबसे कम 18.4°C रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश में 4 दिनों में ज्यादातर शहरों में बारिश हुई है। आंधी-बारिश से 17 लोगों की मौत हो चुकी है। पूरे महीने की बात करें तो मई में सामान्य से अधिक बारिश होगी। शुरुआती 10 दिनों में लगातार सक्रिय विक्षोभों की वजह से लू से राहत रहेगी।

इन 26 जिलों में बारिश का अलर्ट

सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर-खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीरनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, कानपुर देहात और आसपास के इलाके।

Post Comment

You May Have Missed